सेहतनामा
साइकिल चलाकर दिया ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ का संदेश
सम्राट विक्रमादित्य विवि और ग्लोबल साइकिल सोसायटी ने निकाली साइकिल रैली

उज्जैन। रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के 61वें संस्करण के तहत शहर में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय और सोसायटी ऑफ ग्लोबल साइकिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस साइकिल राइड में युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
सुबह 7 बजे देवास रोड स्थित तिरंगा पॉइंट से शुरू हुई इस रैली में प्रतिभागियों ने शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज, सोसायटी ऑफ ग्लोबल साइकिल के अध्यक्ष उत्कर्ष सिंह सेंगर, तुषार पिल्लैवार, मयंक तिवारी और खेल शिक्षक अनिल निकम व प्रवीण गौतम प्रमुख रूप से शामिल हुए।
साइकिल राइड तिरंगा पॉइंट से शुरू होकर कोठी महल, देवास रोड, महानंदा नगर, कॉसमॉस मॉल, सी-21 मॉल, तीन बत्ती, टॉवर चौक, घास मंडी और संजीवनी हॉस्पिटल होते हुए वापस तिरंगा पॉइंट पर संपन्न हुई।
युवाओं को जोड़ने का प्रयास
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम और साइकिलिंग के प्रति जागरूक करना है। रैली के दौरान सभी ने एक स्वर में ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ का नारा बुलंद किया।



