सिंहस्थ विकास कार्यों से महानगर बनेगा उज्जैन: सुरेंद्र सांखला
क्षिप्रा शुद्धिकरण, रेलवे विस्तार और हवाई सेवा के फैसलों का किया स्वागत; कांग्रेस पर लगाया विकास में रोड़ा अटकाने का आरोप

उज्जैन: भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सांखला ने सिंहस्थ 2028 के लिए चल रहे विकास और निर्माण कार्यों पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के विजन की सराहना करते हुए कहा कि इन कार्यों से उज्जैन महानगर का स्वरूप ले रहा है।
विकास कार्यों से मिलेगी शहर को नई पहचान
सांखला ने कहा कि एक तरफ क्षिप्रा शुद्धिकरण और खान (कान्ह) डायवर्सन का कार्य प्रगति पर है, वहीं घाटों के निर्माण से उज्जैन की नई पहचान बनेगी। मंदिरों, सिंहस्थ पड़ाव क्षेत्र और शहरी विकास के अलग-अलग मास्टर प्लान शहर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकारें संयुक्त रूप से उज्जैन को संवारने में जुटी हैं।
कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
उन्होंने रेलवे कनेक्टिविटी, प्लेटफार्म के सौंदर्यीकरण और सैकड़ों नई व अस्थायी ट्रेनों के ठहराव की प्रगति को सराहनीय बताया। सांखला ने मंदिरों के आसपास व्यापक वाहन स्टैंड, शहर को सिंहस्थ क्षेत्र से जोड़ने वाली अनेक पुलियाओं व रास्तों के निर्माण, नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना से जल प्रवाह और सड़कों के चौड़ीकरण पर भी खुशी जताई। इसके साथ ही, उज्जैन से हवाई यात्रा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के निर्णय का भी स्वागत किया।
कांग्रेस की मानसिकता पर उठाए सवाल
विकास कार्यों को लेकर सांखला ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास में अवरोध पैदा कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है। कांग्रेस नेताओं को यह देखना चाहिए कि उज्जैन में अस्पतालों का निर्माण, प्रशासनिक भवनों का विकास और खेल मैदानों का निर्माण भाजपा शासन में ही हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेसी नेता निर्माण कार्यों के कारण हो रही चंद दिनों की मुश्किलों को राजनीतिक अवसर बनाकर अपनी छोटी मानसिकता का परिचय दे रहे हैं।



