सीएम डॉ. मोहन यादव ने नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में बांटे पुरस्कार, 5 लाख देने की घोषणा
इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन मुंबई और राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मुख्यालय उज्जैन के तत्वावधान में इंदौर में हुआ महामुकाबला, 450 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

उज्जैन/इंदौर। खेलों की राजधानी इंदौर में इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन मुंबई और राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मुख्यालय उज्जैन के तत्वावधान में 17वीं सीनियर मेंस व वूमेंस नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का महामुकाबला आयोजित किया गया। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में देश भर के 450 से अधिक शरीर साधकों ने देशभक्ति की धुनों पर अपनी मांसपेशियों का अद्भुत प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।
मेहनत, अनुशासन और संयम का खेल है बॉडीबिल्डिंग
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रहे, जिन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत किया। शरीर साधकों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेहनत, मशक्कत, अनुशासन, संयम और विवेक के खेल का नाम ही बॉडीबिल्डिंग है। इसमें शरीर साधक अपनी मांसपेशियों को वर्षों की कड़ी मेहनत से तराशते हैं। इस अवसर पर डॉ. मोहन यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वेच्छा अनुदान मद से स्पर्धा के लिए 5 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
दिग्गज खिलाड़ियों और अतिथियों का हुआ सम्मान
समारोह में सांसद शंकर लालवानी, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक मधु वर्मा, मालिनी गौड़ और गोलू शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व वर्ल्ड चैंपियन एवं अर्जुन अवार्डी प्रेमचंद ढींगरा, इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन मुंबई के अध्यक्ष स्वामी रमेश, चेतन पठारी, इंटरनेशनल महासचिव टीवी पोली और अर्जुन अवार्डी भास्कर का विशेष अभिनंदन किया गया।
अतिथियों का स्वागत अतिन तिवारी, प्रेम सिंह यादव, जितेंद्र सिंह कुशवाहा और गजेंद्र मेहता ने किया। चैंपियनशिप का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके ने किया, जबकि अंत में आभार रोहित जेठवा द्वारा माना गया।



