धर्म-कर्म

सुदामा चरित्र के मार्मिक प्रसंग के साथ श्रीमद्भागवत कथा का विश्राम

महाआरती के बाद भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी, सुदामा-कृष्ण मिलन देख भावुक हुए भक्त

उज्जैन। मक्सी रोड स्थित नीमनवासा चकोर पार्क में बालाजी टाइल्स एवं पंवार परिवार द्वारा आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का मंगलवार को सातवें दिवस सुदामा चरित्र के वर्णन और महाआरती के साथ विधिवत विश्राम (समापन) हुआ। कथा के अंतिम दिन भव्य शोभायात्रा निकाली गई और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्यलाभ कमाया।
कथा व्यास पंडित अजय शंकर तिवारी ने कथा का रसपान कराते हुए भगवान श्री कृष्ण और सुदामा की मित्रता का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि मित्रता में अमीरी-गरीबी नहीं, बल्कि समर्पण और भाव देखा जाता है। सुदामा चरित्र का प्रसंग सुनते ही पांडाल में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के समापन पर यजमान संजय पंवार (बालाजी टाइल्स) द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
पंडित अजय शंकर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह धार्मिक आयोजन 11 से 17 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 12.30 से 3.30 बजे तक बालाजी टाइल्स कंपाउंड में चला। मंगलवार को कथा विश्राम के अवसर पर पंवार परिवार द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।
कथा समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा, उमेश सिंह सेंगर, हरनाम यादव और राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से कैलाश पंवार, रमेश पंवार, प्रकाश पंवार, राजमल पंवार, संजय पंवार, बंटी केलोदीया सहित समस्त बालाजी टाइल्स परिवार, पंवार परिवार और मित्र मंडल का सराहनीय योगदान रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी और धर्मप्रेमी जनता मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button