धर्म-कर्म
सूर्य की प्रथम किरण को अर्घ्य देकर होगा नव संवत्सर का स्वागत
महाकाल के शिखर पर लगेगा ध्वज, 19 मार्च को क्षिप्रा तट पर होगा विशेष पूजन

उज्जैन। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत अनुष्ठान मंडपम ज्योतिष अकादमी एवं नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति द्वारा भारतीय नव वर्ष का भव्य स्वागत किया जाएगा। 19 मार्च, गुरुवार को प्रातः 5 बजे दत्त अखाड़ा स्थित क्षिप्रा तट पर यह आयोजन होगा। सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम प्रारंभ होगा, जिसके बाद वैदिक विद्वानों द्वारा मंगलाचरण किया जाएगा।
साधु-संतों के सानिध्य में मां क्षिप्रा का पंचामृत पूजन कर सौभाग्य सामग्री अर्पित की जाएगी। प्रातः 6.32 बजे सूर्य की प्रथम किरण को अर्घ्य देकर एवं आदित्य हृदय स्तोत्र के पाठ के साथ भगवान सूर्य का विशेष पूजन किया जाएगा। महिलाओं द्वारा गुड़ी एवं ध्वज का पूजन किया जाएगा। इसके बाद यही ध्वज भगवान महाकाल के शिखर पर लगाया जाएगा। संतों के आशीर्वचन तथा नीम एवं मिश्री के प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
समिति के पं. चंदन श्यामनारायण व्यास, पं. नारायण उपाध्याय और पं. वासुदेव पुरोहित ने शहरवासियों से इस आयोजन में सम्मिलित होकर भारतीय संस्कृति के संरक्षण में योगदान देने का आग्रह किया है। साथ ही, सभी लोगों से इस कार्यक्रम में अपनी पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में आने की अपील की गई है।



