पाठशाला

सेंट पॉल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ नन्हें विद्यार्थियों का ग्रेजुएशन समारोह

संस्कार और अनुशासन पर जोर, नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन और आर्ट प्रदर्शनी रही खास

उज्जैन। सेंट पॉल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में के.जी.-2 के विद्यार्थियों का ग्रेजुएशन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नन्हें बच्चों के प्रार्थना नृत्य और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इस गरिमामय समारोह में साक्षरता मिशन (जिला शिक्षा केन्द्र, उज्जैन) के समन्वयक संजय शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इंदिरा नगर के प्राचार्य विवेक तिवारी, उज्जैन डायसिस के शिक्षा सचिव फादर जॉर्ज थोप्पिल, विद्यालय के मैनेजर फादर जैकब निरुप्पल, प्राचार्या सिस्टर विनीता, उप्राचार्या सिस्टर कार्मला और प्री-प्राइमरी की प्रभारी सिस्टर सौम्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को गति दी।
समारोह में छोटे बच्चों ने अपनी मधुर आवाज में स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर विनीता ने स्वागत भाषण देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों के जीवन व पालन-पोषण में दादा-दादी की अहम भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा के.जी.-2 के विद्यार्थियों को उनकी प्रारंभिक शिक्षा पूरी होने पर उपाधि (डिग्री) प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री संजय शर्मा तथा मुख्य अतिथि श्री विवेक तिवारी ने बच्चों को आशीर्वचन दिए और जीवन में निरंतर परिश्रम व अनुशासन का संदेश दिया। फादर जॉर्ज थोप्पिल ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों के द्वारा दिए गए संस्कारों तथा विद्यालय के अध्यापकों के परिश्रम के मेल से ही विद्यार्थियों को सही चरित्र निर्माण की शक्ति मिलती है।
समारोह में बच्चों द्वारा सीजन डांस और ग्रेटीट्यूड डांस प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा दादा-दादी के साथ बच्चों की विशेष नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। पूरे कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उनके संस्कारों की स्पष्ट झलक दिखाई दी, जिसे उपस्थित अभिभावकों ने खूब सराहा।
इससे पूर्व प्रातः काल विद्यालय में एक भव्य आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन महिला बाल विकास बालभवन के चित्रकला अनुदेशक श्री अनिल देवलासे ने किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई उत्कृष्ट एवं रचनात्मक पेंटिंग्स और वस्तुएं प्रदर्शित की गईं, जिनकी सभी अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
अंत में पुरस्कार वितरण, धन्यवाद ज्ञापन और विद्यालय गान के साथ इस भव्य समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम में अभिभावकों की भारी और उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। उक्त जानकारी विद्यालय के खेल प्रशिक्षक ज्वलंत शर्मा ने दी।

Related Articles

Back to top button