गपशप
हास्य के दीवानों की क्या पहचान स्वस्थ, सुखी ,समृद्ध हिंदुस्तान…
सब रोगों की एक दवाई थोड़ा हंस कर देखो भाई ईस्ट ना वेस्ट लाफ्टर इस द बेस्ट...

महाकाल की धरा पर गूंजे ठहाके: ‘हंसो उज्जैन हंसो’ कार्यक्रम का शानदार आयोजन
स्वामी मुस्कुराके शैलेंद्र व्यास को मिला ‘हंसी के सरताज’ का खिताब; 19 प्रांतों के हास्य गुरु सम्मानित
उज्जैन। “हास्य के दीवानों की क्या पहचान स्वस्थ, सुखी, समृद्ध हिंदुस्तान” और “ईस्ट या वेस्ट लाफ्टर इज द बेस्ट” जैसे नारों के साथ हास्य योग केंद्र भारत दिल्ली के तत्वावधान में हास्य योग रजत जयंती वर्ष के अवसर पर उज्जैन में ‘हंसो उज्जैन हंसो’ का प्रभावी आयोजन किया गया। हंसी की योगशाला और मस्ती की पाठशाला में विभिन्न प्रकार के हास्य योग के माध्यम से बीमारियों को दूर करने के मूल मंत्र बताए गए।
शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सभापति कलावती यादव, प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव, प्रसिद्ध समाजसेवी डॉक्टर एस एस सलूजा और पूर्व सभापति प्रकाश चितौड़ा थे। अतिथियों द्वारा हास्य भैरव का स्मरण कर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इस दौरान नृत्य प्रतिभा अकादमी के कलाकारों ने हास्य एवं व्यंग्य से भरपूर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।
समारोह में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने मस्ती भरे स्वर में कहा कि हंसे उनके घर बसे, पर ऐसे कितने जो घर बसने के बाद हँसे, यूं समझो कि सब के सब फंसे। सभापति कलावती यादव ने कहा कि जीवन का फ्यूज उड़ने के पहले हास्य योग का जितना उपयोग करेंगे, जीवन उतना प्रभावी रहेगा। प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव ने कहा कि यह वह दौर है जहां इंसान गिर जाए तो हंसी निकल जाती है और मोबाइल गिर जाए तो जान निकल जाती है। वहीं, डॉक्टर सलूजा ने अपने प्रभावी उद्बोधन में कहा कि जीवन में कभी दुख ना आए यह असंभव है, लेकिन दुख में भी मनुष्य मुस्कुराए, यह पूरी तरह संभव है।
इस अवसर पर हास्य गुरु जतिन कोही का मालवी पगड़ी, दुपट्टा और आकर्षक मोमेंटो देकर उज्जैन शहर की ओर से विशिष्ट अभिनंदन किया गया। ‘हंसता भारत स्वच्छ भारत’ स्लोगन के साथ हास्य योग केंद्र भारत द्वारा उज्जैन के स्वामी मुस्कुराके शैलेंद्र व्यास को ‘हंसी के सरताज’ का खिताब एवं सम्मान देकर अलंकृत किया गया। अतिथियों का स्वागत अंजना कोही, विपिन गुप्ता, मंगल सिंह, सुनील एवं अभिव्यक्ति मंच के राकेश भार्गव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में हास्य योग केंद्र भारत द्वारा 19 प्रांतों के हास्य योग गुरुओं को 2025 राष्ट्रीय हास्य योग पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह का सफल संचालन स्वामी मुस्कुराके शैलेंद्र व्यास ने किया तथा आभार विपिन गुप्ता ने माना। इस अवसर पर शहीद पार्क में योग गुरु जतिन कोही के मार्गदर्शन में निःशुल्क हास्य योग कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसमें शहर के सैकड़ों योग प्रेमियों ने लाभ लिया।



