धर्म-कर्म

हिरदेश्वर महादेव मंदिर में प्रारंभ हुआ श्री शिव-शक्ति महायज्ञ, महाशिवरात्रि पर होगी पूर्णाहुति

पंचकोशी यात्रा के पड़ाव स्थल पर चल रहा 10 दिवसीय महोत्सव; शिव महापुराण और रामकथा में उमड़ रहे श्रद्धालु

उज्जैन। हीरा मिल परिसर, जीरो पॉइंट ब्रिज के पास स्थित श्री हिरदेश्वर महादेव मंदिर (पंचकोशी यात्रा का प्रथम व अंतिम पड़ाव) में चल रहे 10 दिवसीय शिखर कलश स्थापना महोत्सव के अंतर्गत बुधवार, 11 फरवरी से ’श्री शिव-शक्ति महायज्ञ’ का शुभारंभ हुआ। इस महायज्ञ की पूर्णाहुति 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर होगी।
त्रिवेणी संगम में गोते लगा रहे भक्त
युवा मंच सत्संग समिति के अनुसार, मंदिर परिसर में ज्ञान और भक्ति की त्रिवेणी बह रही है। भाई जी प्रदीप जी महाराज के मुखारविंद से प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक संगीतमय शिव महापुराण कथा का रसपान कराया जा रहा है। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीश्री 1008 भागवतानंद गिरि जी महाराज द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा सुनाई जा रही है। प्रतिदिन आरती के बाद श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की जा रही है।
संतों और समाज के वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान
कथा के चौथे दिवस की आरती के दौरान अखिल भारतीय सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष मनोहर परमार और समाज के वरिष्ठजनों ने व्यास पीठ पर विराजित महाराज श्री का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया। इस अवसर पर आदि गौड़ ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष विजय शर्मा एवं उनके परिवार द्वारा भी संतों और मंच के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
सहयोग राशि भेंट की
अजीत मंगलम के अनुसार कार्यक्रम में भोजन व्यवस्था में सहयोग प्रदान करते हुए श्रीमती चंद्रकला शर्मा द्वारा 25,000 रुपये की राशि भेंट की गई। मंदिर समिति ने उनके इस पुनीत कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी जनता से महायज्ञ और कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button