खेल

17वीं नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया फोल्डर का विमोचन, शुभारंभ का आमंत्रण स्वीकारा

21 लाख के नकद पुरस्कारों वाली राष्ट्रीय स्पर्धा का आयोजन 28-29 मार्च को

उज्जैन। इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन मुंबई के तत्वावधान और राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मध्यप्रदेश मुख्यालय उज्जैन द्वारा आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ’17वीं सीनियर मेंस एवं विमेंस नेशनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप’ की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस भव्य आयोजन के आधिकारिक फोल्डर का विमोचन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया।
राष्ट्रीय निर्णायक शैलेंद्र व्यास ‘स्वामी मुस्कुराके’ ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने न केवल स्पर्धा के फोल्डर का विमोचन किया, बल्कि चैंपियनशिप के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने का आमंत्रण भी सहर्ष स्वीकार कर लिया है। यह आयोजन आगामी 28 से 29 मार्च को इंदौर के बास्केटबॉल कोर्ट में होने जा रहा है।
यह चैंपियनशिप देश की सबसे बड़ी बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिताओं में से एक होगी। इसमें देशभर से आए पुरुष और महिला बॉडीबिल्डर्स अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विजेताओं के लिए कुल 21 लाख रुपए की नकद इनामी राशि (केश प्राइज) रखी गई है।
फोल्डर विमोचन और आमंत्रण के इस विशेष अवसर पर राज्य शरीर सौष्ठव संस्था के चेयरमैन प्रेम सिंह यादव, इंडियन बॉडीबिल्डर फेडरेशन मुंबई के जॉइंट सेक्रेटरी अतिन तिवारी, पूर्व मिस्टर इंडिया (सिविल सर्विसेज) जितेन्द्र सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय निर्णायक शैलेंद्र स्वामी ‘मुस्कुराके’ एवं अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक रोहित जेठवा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button