खेल
17 फरवरी को सजेगा ‘मिस्टर उज्जैन डिविजन’ का मंच, चंबल किनारे शरीर साधक दिखाएंगे अपना दम
महाशिवरात्रि मेले में पहली बार होगी 1.25 लाख के नकद पुरस्कारों वाली बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप

उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर चंबल तट पर स्थित नागदा में पहली बार शरीर सौष्ठव का भव्य प्रदर्शन होने जा रहा है। नगर पालिका परिषद नागदा द्वारा 17 फरवरी को शिवरात्रि मेला मंच पर ‘मिस्टर उज्जैन डिविजन’ संभाग स्तरीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया जाएगा।
राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मध्य प्रदेश मुख्यालय उज्जैन के मार्गदर्शन और डिविजनल बॉडीबिल्डिंग संगठन उज्जैन के तत्वावधान में आयोजित इस स्पर्धा के बारे में जानकारी देते हुए संस्था के चेयरमैन प्रेम सिंह यादव एवं अध्यक्ष व पूर्व मिस्टर इंडिया (सिविल सर्विसेज) जितेन्द्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि यह प्रतियोगिता ऐतिहासिक होगी। इसमें कुल 1 लाख 25 हज़ार रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, स्पर्धा वजन विभाग के निर्धारित नियमों के तहत होगी। प्रत्येक वजन वर्ग में प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले शरीर साधकों को आकर्षक नकद पुरस्कार, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
चैंपियन को मिलेगा ‘मिस्टर उज्जैन डिविजन’ का खिताब
स्पर्धा के ओवरऑल विजेता को ‘अध्यक्ष ट्रॉफी’, 15,000 रुपये नकद राशि और ‘मिस्टर उज्जैन डिविजन’ के प्रतिष्ठित खिताब से नवाजा जाएगा। इसके अतिरिक्त विशेष श्रेणियों में भी इनाम रखे गए हैं। बेस्ट पोजर, बेस्ट मस्कुलर मैन, बेस्ट इंप्रूव्ड बॉडी और मोस्ट मस्कुलर मैन चुने जाने वाले खिलाड़ियों को 10,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
चैंपियनशिप में रेफरी की भूमिका राष्ट्रीय निर्णायक शैलेंद्र व्यास ‘स्वामी मुस्कुराके’ निभाएंगे। महाशिवरात्रि मेले में होने वाले इस आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है।



