45वां राष्ट्रीय संचेतना महोत्सव: 15 को प्रयागराज में होगा आयोजन, 55 मातृशक्तियों का होगा सम्मान
आधुनिक मीरा महादेवी वर्मा की जयंती पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, उज्जैन के साहित्यकारों की रहेगी प्रमुख सहभागिता

उज्जैन | ‘आधुनिक मीरा’ के नाम से विख्यात महादेवी वर्मा की जयंती की पूर्व संध्या और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रविवार, 15 मार्च को प्रयागराज में 45वां राष्ट्रीय संचेतना महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रीय आयोजन में देश भर की लगभग 55 मातृशक्तियों को ‘महादेवी वर्मा साहित्य, कला, आदर्श नारी व सेवा सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। इस अवसर पर ‘साहित्य, संस्कृति एवं राष्ट्रसेवा के परिप्रेक्ष्य में नारी शक्ति का योगदान’ विषय पर एक विशेष राष्ट्रीय संगोष्ठी भी आयोजित की जा रही है।
विशेषांक का होगा विमोचन
महोत्सव के संयोजक डॉ. प्रभु चौधरी ने बताया कि समारोह के शुभारंभ अवसर पर संस्था के मासिक समाचार पत्र ‘संचेतना समाचार’ के 25वें अंक (आधुनिक मीरा महादेवी वर्मा विशेषांक) का अतिथियों द्वारा विमोचन किया जाएगा। यह पूरा आयोजन मम्फोर्डगंज (प्रयागराज) के सुभाष नगर स्थित ज्वालादेवी सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज में तीन प्रमुख सत्रों में संपन्न होगा।
प्रथम सत्र: संगोष्ठी में डॉ. शर्मा रखेंगे विचार
पहले सत्र के मुख्य अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष व प्रख्यात विद्वान प्रो. रामकिशोर शर्मा होंगे। अध्यक्षता जगदीश साहित्य संस्थान (प्रयागराज) के अध्यक्ष मनमोहन सिंह करेंगे। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में उज्जैन हिन्दी अध्ययनशाला के आचार्य डॉ. शैलेन्द्रकुमार शर्मा अपने विचार रखेंगे। सारस्वत अतिथि के रूप में प्रयागराज संस्कृत विभाग की सहायक आचार्य डॉ. मीनाक्षी सांकरी उपस्थित रहेंगी। विशिष्ट अतिथि प्रयागराज हिन्दी विभाग के आचार्य प्रो. राजकुमार गर्ग और आगर मालवा के साहित्यकार डॉ. दशरथ मसानिया होंगे, जबकि कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रयागराज की साहित्यकार डॉ. उर्वशी उपाध्याय रखेंगी।
द्वितीय सत्र: अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
समारोह के दूसरे सत्र में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसकी मुख्य अतिथि आकाशवाणी इंदौर की पूर्व वरिष्ठ उद्घोषिका सुधा शर्मा होंगी और अध्यक्षता साहित्यकार राजिंदर सिंह बेदी करेंगे। मुख्य वक्ता इंदौर की डॉ. दीप्ति गुप्ता होंगी। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में जगदीश कौर, भिलाई के हरिप्रकाश गुप्ता और भोपाल की डॉ. प्रतिभा मिश्रा मौजूद रहेंगी।
तृतीय सत्र: सम्मान समारोह
तीसरे सत्र में ‘आधुनिक मीरा महादेवी वर्मा साहित्य सम्मान’ समारोह आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता प्रयागराज की विजयलक्ष्मी विभा करेंगी। मुख्य अतिथि मुंबई की डॉ. अल्पना दीक्षित और सारस्वत अतिथि डॉ. स्नेहा सुधा होंगी। इस सत्र में उज्जैन से राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. प्रभु चौधरी मुख्य वक्ता होंगे। विशिष्ट अतिथियों में प्राचार्य नीना श्रीवास्तव, प्रयागराज के डॉ. सुधाकर दुबे और कोलकाता की डॉ. सुनीता मण्डल शामिल होंगी।
आयोजन समिति ने की अपील
इस गरिमामय समारोह को सफल बनाने की अपील आयोजन समिति की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. शहेनाज शेख, डॉ. दिव्या पाण्डे, उत्तर प्रदेश महासचिव सुश्री पल्लवी द्विवेदी, सचिव डॉ. उपासना पाण्डे, अनुरोध त्रिपाठी, इंदू दुबे, इंजी. हरिप्रकाश गुप्ता, अंजू जैन, रंजना पांचाल, डॉ. रचना पाण्डे, मंजू लंगोटे, डॉ. अन्नपूर्णा मालवीय, डॉ. दक्षा जोशी, अनुराधा उपाध्याय, डॉ. प्रेरणा उबाळे, सूरज कांत, शीला चंदन, आभा दुबे, डॉ. अरूणा सराफ, संगीता केसवानी, माया मेहता, ज्योति कुशवाह, पुष्पा गरोठिया और तृप्ति शाह आदि ने की है।



