5 दिवसीय निःशुल्क दर्द रहित फिजियो केयर शिविर का शुभारंभ
यूरो सर्जन डॉ. पुनीत महाडिक ने किया धन्वंतरि पूजन और दीप प्रज्ज्वलन; अत्याधुनिक मशीनों से होगा गठिया, सायटिका और लकवा का उपचार

उज्जैन। श्री धन्वन्तरी आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय एवं शोध केंद्र न्यास उज्जयिनी तथा कॉटन मर्चेंट शैक्षणिक एवं परमार्थिक न्यास माधव गौशाला परिसर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार से विशाल 5 दिवसीय ‘निःशुल्क दर्द रहित फिजियो केयर शिविर’ का शुभारंभ हुआ। यह शिविर 28 मार्च तक शहर के बम्बाखाना, लखेरवाड़ी स्थित पुराना कालिदास मॉन्टेसरी स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा।
डॉ. पुनीत महाडिक ने किया विधिवत उद्घाटन
शिविर का विधिवत उद्घाटन ख्यात यूरो सर्जन डॉ. पुनीत महाडिक ने भगवान धन्वंतरि का पूजन और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात अभिषेक सावेरकर ने श्री धन्वंतरि वंदना प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि डॉ. पुनीत महाडिक ने अपने उद्बोधन में शिविर में किए जा रहे कार्यों की बहुत सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के समय में थेरेपी का प्रचलन बढ़ता ही जा रहा है। इस चिकित्सा पद्धति से किसी भी प्रकार की कोई हानि नहीं होती है, बल्कि इससे मरीजों को निश्चित रूप से आराम मिलता है।
इसके पश्चात संस्था का विस्तृत परिचय शिविर संयोजक डॉ. दिनेशचन्द्र शाह ने दिया। माणकलाल गिरिया और न्यास के अध्यक्ष वैद्य अजयकुमार सावेरकर ने अपना अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। शुभारंभ अवसर पर राकेश बनवट और मंडी के अशोक राणा सहित लगभग 50 से 60 गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इन बीमारियों का हो रहा निःशुल्क उपचार
शिविर में अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी मशीनों के माध्यम से कंधे का दर्द, घुटनों का दर्द, कमर का दर्द, गर्दन का दर्द, लकवा और कम्पवात जैसी समस्याओं का निःशुल्क उपचार किया जा रहा है। मरीजों की जांच और परामर्श के लिए विशेषज्ञ डॉ. दिनेशचन्द्र शाह, डॉ. अहाना शर्मा और डॉ. सतीश पण्डोरिया विशेष रूप से सेवाएं दे रहे हैं।संचालन करते हुए न्यास के सचिव कवि कैलाशचन्द्र जैन तरल ने महाकाल की जय शीर्षक से गीत पढ़कर समां बांधा। कार्यक्रम के अंत में यशवंत जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया।



