धर्म-कर्म

51 किलो की माला से हुआ व्यासजी का स्वागत, कृष्ण-सुदामा मिलन देख भावुक हुए भक्त

भागवत कथा में गूंजे जयकारे, बंटी केलोदिया मित्र मंडल ने 51 किलो की माला से किया संत वंदन

उज्जैन। मक्सी रोड स्थित नीमनवासा के चकोर पार्क (वार्ड क्रमांक 41) में चल रही सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भक्तिमय माहौल में समापन हुआ। कथा विश्राम दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण और भक्त सुदामा के मिलन के प्रसंग का मार्मिक वर्णन किया गया, जिसे सुनकर पांडाल में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
इस धार्मिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर समाजसेवी बंटी केलोदिया मित्र मंडली ने विशेष रूप से शिरकत की। मित्र मंडल द्वारा व्यास पीठ पर विराजमान कथा वाचक गुरुदेव का 51 किलो वजनी गुलाब के फूलों की माला पहनाकर एवं वस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। साथ ही कथा के मुख्य आयोजनकर्ता बालाजी टाइल्स के संचालक संजय पवार एवं समस्त पवार परिवार का भी स्वागत-अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी पं. महेश पुजारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने धर्मसभा को संबोधित करते हुए उपस्थित जनसमूह को सनातन धर्म के महत्व और जीवन में इसके पालन के विषय में सारगर्भित जानकारी दी। व्यास महाराज ने समाजसेवी बंटी केलोदिया को सुख-समृद्धि और यशस्वी भवः का आशीर्वाद प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button