53वें टेपा सम्मेलन में 5 पत्रकारों को मिलेगा ‘टेपा मीडिया सम्मान’
टेपा मीडिया सम्मान पत्रकार नितिन चावड़ा, राजेश पांचाल, भूपेंद्र भूतड़ा, राहुल यादव और अवनी कोठारी को प्रदान किए जायेंगे

1 अप्रैल को कालिदास अकादमी में होगा आयोजन, हास्य अभिनेता राकेश बेदी होंगे मुख्य आकर्षण
उज्जैन। आगामी 1 अप्रैल को अंतर्राष्ट्रीय मूर्ख दिवस के अवसर पर कालिदास अकादमी में मालवा की हास्य-व्यंग्य संस्कृति को समर्पित 53वां अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में पत्रकार नितिन चावड़ा, राजेश पांचाल, भूपेंद्र भूतड़ा, राहुल यादव और अवनी कोठारी को ‘टेपा मीडिया सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।
इन विशिष्ट पत्रकारों को मिलेंगे ये सम्मान
टेपा सम्मेलन के सचिव मनीष शर्मा ने बताया कि प्रख्यात समाजसेवी स्व. लाला अमरनाथ और टेपा सम्मेलन के संस्थापक-अध्यक्ष डॉ. शिव शर्मा की स्मृति को समर्पित इस 53वें सम्मेलन में मीडिया को प्रदान किए जाने वाले सम्मान के अंतर्गत मानसिंह बैस स्मृति टेपा मीडिया सम्मान पत्रिका के संपादक एवं प्रसिद्ध पत्रकार नितिन चावड़ा को प्रदान किया जाएगा। इसी तरह, पत्रकार स्व. सत्यनारायण गोयल स्मृति सम्मान आईएनएच चैनल के वरिष्ठ पत्रकार राहुल यादव को, एडवोकेट ज्ञानस्वरूप श्रीवास्तव स्मृति सम्मान नवभारत के ख्यात पत्रकार भूपेंद्र भूतड़ा को, स्व. कन्हैयालाल भूतड़ा स्मृति सम्मान दैनिक भास्कर के राजेश पांचाल को और स्व. आरक्षक आशा बैस स्मृति टेपा सम्मान पॉडकास्टर अवनी कोठारी को उनके पॉडकास्ट चैनल वाणीबायअवनी के लिए प्रदान किया जाएगा।
कांव-कांव सम्मेलन और टेपा चिल्मी मुकदमे भी होंगे
सम्मेलन में फिल्म धुरंधर-2 फेम प्रख्यात हास्य अभिनेता राकेश बेदी मुंबई आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ टेपा स्वागत गीत और नृत्य के साथ होगा, जिसके बाद टेपा की वार्षिक रपट जारी की जाएगी। आयोजन में कवियों के कांव-कांव सम्मेलन सहित स्थानीय टेपा अतिथियों पर प्रशस्ति वाचन और टेपा चिल्मी मुकदमे जैसे रोचक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।



