राजनीति

कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए भाजपाई कर रहे झूठी शिकायतें

एसआईआर प्रक्रिया में षड़यंत्र के खिलाफ कांग्रेस पार्षदों की हुई बैठक

सैकड़ों नाम काटने के लिए की झूठी शिकायतें, कांग्रेस ने कहा झूठी शिकायत करना दंडनीय अपराध
उज्जैन। एसआईआर प्रक्रिया में झूठी शिकायतों के आधार पर कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम काटने के प्रयास भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किये जा रहे हैं। जिसे लेकर कांग्रेस पार्षद दल की बैठक आयोजित की गई।
संगठन महामंत्री अजय राठौर के नेतृत्व में हुई बैठक में राजेंद्र वशिष्ठ, छोटेलाल मंडलोई, सपना सांखला, परमानंद मालवीय, प्रेमलता रामी, जाहिद पहलवान, शमशाद नागौरी, मेहताब लाला, फिरोज पठान, अर्पित दुबे, नाजिया कुरैशी, अनवर नागौरी आदि मौजूद रहे। नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि वार्ड नंबर एक में 300, वार्ड 3 में 1800, वार्ड नंबर 9 में 85, वार्ड 11 में 1050, 12 में 250, 20 में 704, 23 में 685, 26 में 435, 27 में 1600, 28 में 600, 31 में 1225, 32 में 500 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटने के लिए आपत्ति दर्ज कराई गई है। जिससे शहर के नागरिकों में बड़ा असंतोष है। नागरिकगण पार्षदों से कह रहे हैं कि धरना प्रदर्शन करो और हमारे नाम जुड़वाये, जाए। नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि समस्त आंकड़े आने के बाद शहर जिला कांग्रेस अध्यक्षगण के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी भाजपा नेताओं द्वारा झूठी शिकायतों से जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराएगी। साथ ही झूठे फार्म नंबर 7 के विरूध्द आपत्ति दर्ज कराएगी। रवि राय ने कहा कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 1950 की धारा 31 के तहत झूठे शिकायतकर्ता जो कि भाजपा के कार्यकर्ता बनकर घूम रहे हैं उनके विरूध्द संबंधित थाना क्षेत्रों मे ंबीएलओ, सुपरवाईजरों और रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रकरण दर्ज करवाना चाहिये। जो लोग शहर के मतदाताओं से उनका मतदान अधिकार छीनने का कार्य कर रहे हैं उनके विरूध्द कठोर कार्यवाही होना चाहिये। जिला निर्वाचन अधिकारी ऐसे निर्देश जारी करें जिससे जो भी बूथ लेवल आफिसर है वह फार्मो की निष्पक्ष रूप से जांच करे ताकि नागरिकों के मतदान का अधिकार सुरक्षित रह सके। रवि राय ने कहा कि गलत जानकारी देने, झूठी शिकायत करने पर एक वर्ष के कारावास का प्रावधान है। इसके बाद भी सत्ता के दम में भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा झूठी आपत्तियां की जा रही है उसके विरूध्द कार्यवाही होना चाहिये।

Related Articles

Back to top button