गपशप

अक्षत इंटरनेशनल स्कूल में गरिमामय वातावरण में मनाया गया गणतंत्र दिवस

विद्यार्थियों ने किया मार्चपास्ट, देशभक्ति से ओतप्रोत हुई प्रस्तुतियाँ, नृत्य, गीत ने किया भावविभोर 

उज्जैन। अक्षत इंटरनेशनल स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस देशभक्ति, अनुशासन एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व खाद्य आयोग सदस्य स्नेहलता उपाध्याय रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी सीमा पण्ड्या तथा विद्यालय के चेयरमैन आनंद पण्ड्या की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात छात्रों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ—नृत्य, गीत एवं समूह प्रदर्शन—प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि “स्नेहलता उपाध्याय” ने अपने उद्बोधन में संविधान के मूल मूल्यों—समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व—पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “आज के विद्यार्थी ही कल के सशक्त नागरिक हैं। यदि युवा पीढ़ी संविधान की भावना को आत्मसात कर ले, तो राष्ट्र प्रगति की ऊँचाइयों को अवश्य छुएगा।” उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिकता और सेवा भाव को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के चेयरमैन “आनंद पंड्या” ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिकों का निर्माण करना है। ऐसे राष्ट्रीय पर्व विद्यार्थियों में देशप्रेम, एकता और नेतृत्व के संस्कार विकसित करते हैं।” उन्होंने छात्रों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की ।
स्वागत भाषण विद्यालय की अकादमिक डायरेक्टर सरोज वागले द्वारा दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर राहुल पण्ड्या, उपप्रचार्या पल्लवी दिवाकर, समन्वयक गण शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं आत्मविश्वासपूर्ण संचालन विद्यार्थियों यशस्वी पण्ड्या एवं वैष्णवी जोशी ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन सीसीओ रखी मेहता द्वारा दीया गया। यह समारोह राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता एवं संविधान के प्रति सम्मान का सशक्त संदेश देने वाला सिद्ध हुआ।

Related Articles

Back to top button