भांबी समाज के 11वें सामूहिक विवाह सम्मेलन में 15 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
8000 समाजजनों ने दिया आशीर्वाद, निकला चल समारोह

उज्जैन। उज्जैन में भांबी समाज द्वारा आयोजित 11वां सामूहिक विवाह सम्मेलन 8 फरवरी को हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस मांगलिक अवसर पर समाज के 15 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया। सम्मेलन में न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि गुजरात और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित हुए।
उज्जैन शहर अध्यक्ष सुनील कड़ेला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महासम्मेलन में करीब 8000 समाजजनों ने शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ौदा (गुजरात), राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश के नीमच, मंदसौर, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर और इंदौर जिले के करीब 50 गांवों से लोग वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे। सम्मेलन से पूर्व उर्दूपुरा स्थित बाबा रामदेवजी मंदिर से दुल्हा दुल्हन चल समारोह के रूप में कार्यक्रम स्थल पहुंचे। सम्मेलन में मंगलसूत्र, पायजेब, दूल्हा-दुल्हन को कपड़े, गोदरेज, दीवान सहित गृहस्थी का सामान समाजजनों द्वारा भेंट किया गया।
यह भव्य आयोजन प्रदेश अध्यक्ष (म.प्र.) श्री मनोज लोहिया और शहर अध्यक्ष श्री सुनील कड़ेला के मार्गदर्शन में, तथा सम्मेलन अध्यक्ष राधेश्याम जौहर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी मदन मेवाड़ा पूरे समय मौजूद रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग दिया।
नवविवाहितों को मिली विशेष भेंट और उपहार
सम्मेलन में नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए कई उपहार भेंट किए गए। मेवाड़ा समाज अध्यक्ष मोहन मेवाड़ा की ओर से प्रत्येक जोड़े (कुल 15 जोड़े) को 9 लीटर का थरमस (वाटर कैंपर) भेंट किया गया। मेवाड़ा समाज संरक्षक देवनारायण जयपाल ने सभी 15 जोड़ों को श्बेड़ाश् (पारंपरिक बर्तन) भेंट कर आशीर्वाद दिया। रतलाम अध्यक्ष मानक लाल जी ने सम्मेलन में 2100 रुपये की राशि का कन्यादान किया। विवाह सम्मेलन समिति की ओर से प्रत्येक जोड़े को विवाह प्रमाण पत्र और लोकदेवता बाबा रामदेव जी की 40 इंच की आकर्षक लाइटिंग वाली तस्वीर भेंट की गई।
इस आयोजन में समाज के कई वरिष्ठ और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बड़ौदा से मोहनलाल कटारिया और लक्ष्मी नारायण पवार विशेष रूप से पधारे। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष सुशीला जयपाल, मनु बाई कड़ेला, कृष्णा कड़ेला, राजू मेवाड़ा, स्मिता कड़ेला, हर्षिता कड़ेला, माया कड़ेला, आशा जयपाल, मांगीलाल तंवर और राज गोयल ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। साथ ही रतन लाल जी जावल, ओम जोधावत, प्रकाश कुरवरिया, जितेन कुरवरिया, पूर्व अध्यक्ष बंशी भाटिया और शुभम राजोरिया ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। समिति के कोषाध्यक्ष प्रीतम निम्बेल, सचिव भगवतीप्रसाद कड़ेला सहित पूरी कार्यकारिणी के प्रयासों से यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन गया।



