लोकल गपशप
दृष्टि इंडिया न्यूज चैनल का शुभारंभ
पत्रकार कल्याण कोष के लिए दी 51 हजार की राशि, प्रेस क्लब को सौंपा चेक

पत्रकारों के सुख-दुख का साथी बना ‘दृष्टि इंडिया’ चैनल की लॉन्चिंग पर पत्रकार कल्याण के लिए 51 हजार की भेंट
संतों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दृष्टि इंडिया न्यूज चैनल का भव्य आगाज
उज्जैन। दृष्टि इंडिया डिजिटल न्यूज चैनल का भव्य शुभारंभ रविवार को गरिमामय समारोह में संपन्न हुआ। अपने आगाज के साथ ही चैनल ने सामाजिक सरोकार की एक मिसाल पेश करते हुए पत्रकारों के हित में एक बड़ी पहल की है। चैनल प्रबंधन द्वारा पत्रकारों के आपातकालीन समय में मदद के लिए गठित ‘सोसायटी फॉर प्रेस क्लब’ के पत्रकार कल्याण कोष में 51,000 रुपये की सहयोग राशि भेंट की गई।
कॉर्पोरेट कल्चर के दौर में निष्पक्षता का संकल्प
चैनल के डायरेक्टर रामसिंह चौहान, मोरेश्वर राव उलारे और जयराज मंडेरिया ने अपने विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया हाउस कॉर्पोरेट कल्चर की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे में समाज के कई अनछुए पहलुओं पर पत्रकारिता की दृष्टि होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, ‘अक्सर देखा जाता है कि पत्रकार समाज की आवाज बनते हैं, लेकिन जब वे स्वयं किसी मुसीबत या आपातकालीन स्थिति में होते हैं, तो अपने आत्मसम्मान के कारण किसी से मदद मांगने में संकोच करते हैं। ऐसे समय में प्रेस क्लब उनके साथ खड़ा रहता है।’ इसी उद्देश्य से चैनल ने पत्रकार कल्याण कोष में यह राशि दी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रेस क्लब अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी नंदलाल यादव और कार्यकारी अध्यक्ष विशाल हाडा को 51 हजार रुपये की राशि का चेक सौंपा गया।
संतों और जनप्रतिनिधियों का मिला आशीष
शुभारंभ समारोह में आध्यात्म और राजनीति जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। संतों में महामंडलेश्वर ध्यानश्री शैलेषानंद गिरी महाराज, गादीपति ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के योगी महावीर नाथ महाराज और किन्नर संत आशुबुआ ने अपनी उपस्थिति से आयोजकों को आशीर्वाद दिया।
वहीं, जनप्रतिनिधियों में विधायक अनिल जैन कालूहेडा, विधायक सतीश मालवीय, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मप्र वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सनवर पटेल और भाजपा नेता मुकेश यादव ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समाजसेवी और वरिष्ठ पत्रकार रहे उपस्थित
समारोह में शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी और व्यवसायी, जिनमें अंजूश्री के डायरेक्टर सुरेश मोढ़ और महेश परियानी शामिल थे, मौजूद रहे। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकारों का भी जमावड़ा रहा। प्रमुख रूप से वरिष्ठ पत्रकार शैलेंद्र कुल्मी, महेंद्र सिंह बैस, उदय सिंह चंदेल, राजेश कुल्मी, मंगेश भुजाड़े, रामचंद्र गिरी, रवि चंद्रवंशी, कमल चौहान और आशीष दुबे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित थे।



