धर्म-कर्म
साधकों ने योगाभ्यास के साथ जाने स्वस्थ जीवन शैली के गूढ़ रहस्य
पतंजलि योगपीठ के मार्गदर्शन में दो दिवसीय भव्य योग शिविर संपन्न

सुषमा यादव बनीं महिला पतंजलि संगठन की जिलाध्यक्ष
उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मार्गदर्शन में आयोजित दो दिवसीय भव्य योग शिविर अपार उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। रघु प्रेम सेवा फाउंडेशन और पतंजलि योगपीठ परिवार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
शिविर का मुख्य आकर्षण परम पूज्य योग ऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज की परम शिष्या पूज्या साध्वी देवादीति जी का सानिध्य रहा। उन्होंने उपस्थित सभी साधकों को योगाभ्यास करवाया और स्वस्थ जीवन शैली के गूढ़ रहस्य साझा किए। अपने उद्बोधन में साध्वी जी ने कहा कि आहार, विचार और संस्कारों से ही एक समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने भारतीय ऋषि संस्कृति की गहराई, ऋषियों की ज्ञान परंपरा, योग, आयुर्वेद और स्वदेशी अपनाने पर विशेष जोर दिया।
योग साधकों और गणमान्य नागरिकों का सम्मान
इस भव्य आयोजन में उज्जैन में निरंतर अपनी योग सेवाएं दे रहे योग साधकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र भारती जी उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. सतिंदर सलूजा जी, डॉ. अंशु घोष जी, डॉ. मंजू राठी जी, ईश्वर पटेल जी, सीमा शिंदे, हेमंत व्यास, प्रमोद व्यास, राजेश अग्रवाल और उषा छजलानी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने शिविर में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और सहभागिता की।
संगठन का विस्तार: नई जिम्मेदारी
संगठन के विस्तार और मजबूती के उद्देश्य से पतंजलि योगपीठ परिवार ने सर्वसम्मति से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया। पूज्य साध्वी जी के नेतृत्व में श्रीमती सुषमा यादव जी को महिला पतंजलि संगठन का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इस विशेष अवसर पर महिला पतंजलि संगठन की राज्य प्रभारी श्रीमती सुधा त्रिवेदी, पतंजलि योगपीठ से राज्य प्रभारी संजय शर्मा, राज्य प्रभारी प्रेमाराम पुनिया, गजेंद्र मांडीवाल, श्रुति पैठने जी, श्रीकांत पैठने, सुमन गुप्ता, अंजू भाटीया और राधिका चंदनानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उज्जैन के सभी योग साधकों ने इस नियुक्ति का स्वागत किया और आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विभिन्न संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी
इस आयोजन को सफल बनाने में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें मुख्य रूप से वृक्ष मित्र सेवा समिति, लायंस क्लब पैशन, गायत्री परिवार, सेवा भारती तथा अन्य संस्थाओं के सदस्यों और बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया। रघु प्रेम सेवा फाउंडेशन एवं पतंजलि योगपीठ परिवार के साझा प्रयासों से यह भव्य आयोजन सफलता के साथ पूर्ण हुआ।



