राजनीति

अमेरिका से हुई ट्रेड डील के विरोध में उतरी किसान कांग्रेस, इसे बताया ‘अन्नदाता विरोधी’

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, जिलाध्यक्ष अशोक जाट बोले- विदेशी दबाव में किसानों को बर्बाद कर रही सरकार

उज्जैन। केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। इस समझौते को किसान विरोधी बताते हुए किसान कांग्रेस ने घटिया तहसील में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक जाट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों और कार्यकर्ताओं ने लामबंद होकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विदेशी उत्पादों से भारतीय बाजार पटने का डर
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में किसान कांग्रेस ने आशंका जताई है कि इस ट्रेड डील से विदेशी कृषि उत्पादों का आयात बेतहाशा बढ़ेगा। इसका सीधा असर भारतीय किसानों पर पड़ेगा, क्योंकि बाजार में विदेशी उपज आने से स्थानीय फसलों के दाम गिर जाएंगे। संगठन का कहना है कि यह डील देश के अन्नदाताओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
पूंजीपतियों के दबाव में फैसले लेने का आरोप
विरोध प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष अशोक जाट ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “देश का किसान पहले से ही महंगाई, कर्ज के बोझ, फसल नुकसानी और एमएसपी की कानूनी गारंटी न मिलने से जूझ रहा है। ऐसे संकट के समय में मदद करने के बजाय सरकार बड़े पूंजीपतियों और विदेशी कंपनियों के दबाव में आकर ऐसे समझौते कर रही है जो किसानों को बर्बादी की ओर धकेल देंगे।”
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने किसानों के हितों को नजरअंदाज करने वाली इस ट्रेड डील को वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button