नागर ब्राह्मण समाज 7 मार्च को हाटकेश्वर धाम में मनाएगा फागोत्सव, महिला मंडल देगा प्रस्तुति
कुलदेवता भगवान हाटकेश्वर और संत नरसिंह मेहता की होगी पूजा; फाग गीत, नृत्य, कविताओं और फूलों की होली के साथ मनेगा पर्व
उज्जैन। मध्य प्रदेश नागर ब्राह्मण समाज शाखा उज्जैन द्वारा 7 मार्च, शनिवार को हाटकेश धाम में पारंपरिक फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाजजन अपने कुलदेवता भगवान हाटकेश्वर और संत नरसिंह मेहता का पूजन-अर्चन कर होली का पर्व उल्लास के साथ मनाएंगे।
समाज के अध्यक्ष विजय शर्मा और नागर महिला मंडल की अध्यक्ष प्रतिमा नेहा मेहता ने बताया कि उत्सव में नागर महिला मंडल की सदस्यों द्वारा सामूहिक होली गीतों और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान समाज के गायक कलाकार और कविगण भी अपनी सहभागिता करते हुए फाग गीत और कविताएं प्रस्तुत करेंगे। इस विशेष मौके पर पदाधिकारियों को विभिन्न उपाधियों से नवाजा भी जाएगा।
आयोजन के अंत में सभी समाजजन एक-दूसरे के साथ फूलों की होली खेलेंगे, जिसके पश्चात स्वल्पाहार और ठंडाई की व्यवस्था रहेगी। अध्यक्ष विजय शर्मा और महिला मंडल अध्यक्ष प्रतिमा नेहा मेहता ने सभी समाजजनों से इस फागोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।



