उज्जैन की बेटियां खेल के मैदान में दिखाएंगी अपना दम, 9 मार्च को होगा अस्मिता खेल महोत्सव
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में माय भारत और खेल विभाग का संयुक्त आयोजन

8 मार्च को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उज्जैन में भारत सरकार की पहल अस्मिता यानी अचीविंग स्पोर्ट्स माइलस्टोन बाय इंस्पायरिंग वुमन थ्रू एक्शन के अंतर्गत एक भव्य खेल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। माय भारत उज्जैन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन 9 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजे से नानाखेड़ा स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्टेडियम में होगा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की प्रतिस्पर्धी दौड़ के साथ ही मनोरंजक गतिविधियों के रूप में रस्साकशी और अन्य मजेदार दौड़ शामिल रहेंगी।
इस खेल उत्सव में 13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की सभी महिलाएं भाग ले सकती हैं। इच्छुक महिला प्रतिभागी एनएसआरएस पोर्टल पर अपना आधार प्रमाणित कर पंजीयन करा सकती हैं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पदक और सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। माय भारत उज्जैन के जिला युवा अधिकारी ने जिले की सभी बालिकाओं, छात्राओं और महिलाओं से इस खेल उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने और फिट इंडिया के सपने को साकार करने की अपील की है।



