कंट्रोवर्शियललोकल गपशप

उज्जैन: मंदिर से दान पेटियों की चोरी, तीन संदिग्ध युवक फरार

सीसीटीवी में दिखे हरी, काली और नीली जैकेट पहने आरोपियों के चेहरे, पुलिस जांच में जुटी

उज्जैन जिले के बड़नगर तहसील के दंगवाड़ा गांव स्थित प्रसिद्ध बोरेश्वर महादेव मंदिर में देर रात चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस को घटना का फुटेज सीसीटीवी कैमरे से मिला है, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक दान पेटियों में रखे पैसे बोरों में भरते दिख रहे हैं।

घटना की शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन युवक — एक हरी जैकेट, दूसरा काली और तीसरा नीली जैकेट पहने — मंदिर के भीतर दान पेटियों को तोड़ते हुए स्पष्ट रूप से कैमरे में कैद हुए। साथ ही पुलिस को यह भी पता चला है कि कुल पांच लोगो ने चोरी की योजना बनाई थी, जिनमें से दो लोग बाहर सुरक्षा देखते रहे।

सुबह जब पुजारी और ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्हें पेटियां टूटी और पैसे गायब मिले। तुरंत सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने जांच को तेजी से आगे बढ़ाया है और डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट टीम तथा साइबर एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है। साथ ही आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान और जल्द गिरफ्तारी संभव हो सके।

घटना से मंदिर समिति और ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने तथा आरोपियों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button