भगवान झूलेलाल का प्रकटोत्सव : सीएम डॉ. मोहन यादव और अभिनेत्री जयाप्रदा दिखाएंगे वाहन रैली को केसरिया झंडी
गीता कॉलोनी मंदिर में ध्वजारोहण व महाआरती से शुरू होगा उल्लास, शाम को सजेगी सुंदर लालवानी की भजन संध्या

उज्जैन। सिंधी समाज के इष्टदेव भगवान झूलेलाल का प्रकटोत्सव आज शहर में असीम उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मीडिया प्रभारी दीपक राजवानी ने बताया कि गीता कॉलोनी स्थित वरुण देव अखंड ज्योति झूलेलाल मंदिर में प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण और 9 बजे महाआरती के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। वहीं, शाम 7 बजे मंदिर प्रांगण में ही प्रख्यात गायक सुंदर लालवानी की भजन संध्या आयोजित की जाएगी।
मंदिर के अध्यक्ष मोहनलाल वासवानी के मार्गदर्शन तथा वाहन रैली के संयोजक धर्मेंद्र खूबचंदानी व यश टेकवानी के नेतृत्व में प्रातः 9:45 बजे गीता कॉलोनी से एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। यह रैली टावर चौक पहुंचेगी, जहां सिंधु जागृत समाज के मुख्य संयोजक महेश परियानी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री जयाप्रदा इस ऐतिहासिक रैली को केसरिया झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस रैली में डीजे और विंटेज कार के साथ ही सैकड़ों की संख्या में दोपहिया, चार पहिया वाहन और ई-रिक्शा शामिल होंगे। टावर चौक से रवाना होकर यह वाहन रैली चामुंडा माता, देवास गेट, मालीपुरा, नई सड़क, कंठाल, निकास और अंकपात मार्ग होते हुए इंदिरा नगर स्थित झूलेलाल ग्राउंड पर पहुंचेगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए लोकेश आडवाणी, चांदीराम जेठवानी, जयकिशन राजवानी, हरीश आडवाणी, पवन खुबानी, मनीष तेजवानी, राजेश नाथनी और ताराचंद वासवानी सहित सभी पदाधिकारियों ने शहर के समस्त सिंधी समाज से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में भारी संख्या में शामिल होकर इष्टदेव भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाएं।



