धर्म-कर्म

चेटीचंड महापर्व: दुनिया की सबसे भव्य भगवान झूलेलाल प्रतिमा के समक्ष होगा रंगारंग आयोजन

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित प्रतिमा स्थल पर होगी महाआरती; मुंबई-पुणे के फूलों से सजेगा उद्यान, सिंधी व्यंजनों और झूलों का लगेगा मेला

उज्जैन। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव ‘चेटीचंड महापर्व’ 20 मार्च को शहर में पूर्ण हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन सतराम सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल उद्यान में होगा। यहां विश्व की सबसे भव्य और विशाल भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के समक्ष विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस विशाल प्रतिमा का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया है।
मुंबई-पुणे के फूलों से विशेष श्रृंगार और मेला
कार्यक्रम संयोजक महेश सीतलानी ने बताया कि महापर्व को लेकर उद्यान में व्यापक तैयारियां की गई हैं। भगवान की प्रतिमा और संपूर्ण उद्यान को मुंबई और पुणे से मंगाए गए विशेष फूलों से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही आकर्षक विद्युत सज्जा और युवाओं के लिए शानदार सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं। पर्व के उपलक्ष्य में एक विशाल सिंधी मेले का आयोजन भी होगा, जिसमें बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और पारंपरिक सिंधी व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
महाआरती, आतिशबाजी और महाप्रसादी
आयोजन की शुरुआत भगवान झूलेलाल की भव्य महाआरती के साथ होगी। आरती के पश्चात आसमान में रंगारंग आतिशबाजी की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन और प्रसादी की व्यवस्था रहेगी।
इस भव्य आयोजन में समस्त समाजजनों से शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का अनुरोध समाज के वरिष्ठ रूप पमनानी, मुकेश जेठवानी, दीपक वाधवानी, दयाल वाधवानी, धर्मेंद्र लालवानी, नरेश सीतलानी और राजकुमार परसवानी सहित समाज के कई अन्य गणमान्य नागरिको ने किया है।

Related Articles

Back to top button