सावित्रीबाई फुले, ज्योतिबा फुले एवं राम महाजन राज्य पिछड़ा वर्ग सेवा पुरस्कार 5 वर्ष से बंद, तत्काल प्रारंभ किए जाएं
शिक्षा मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा

उज्जैन। उज्जैन में गंधर्व सागर एवं पुरुषोत्तम सागर के लोकार्पण अवसर पर पधारे मध्यप्रदेश शासन के शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का स्वागत कर उनके माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
उज्जैन भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सांखला ने कहा कि शिक्षा एवं समानता के जनक दंपती महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले के नाम से अलग-अलग मध्यप्रदेश राज्य में घोषित शासकीय पुरस्कार पिछले कई वर्षों से बंद हैं, जिन्हें तत्काल चालू किया जाना आवश्यक है।
सुरेंद्र सांखला ने कहा कि इसी तरह राम महाजन राज्य पिछड़ा वर्ग सेवा पुरस्कार भी पिछले 5 वर्षों से अधिक समय से राज्य में नहीं दिया जा रहा है, उसे भी प्रारंभ करना आवश्यक है।
सुरेंद्र सांखला ने कहा कि इन पुरस्कारों से सामाजिक क्षेत्र एवं पिछड़ा वर्ग के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को शासन द्वारा सम्मानपूर्वक पुरस्कृत किया जाता रहा है, जिसे तत्काल प्रारंभ करने की आवश्यकता है।
सुरेंद्र सांखला ने कहा कि इन तीनों पुरस्कारों में पिछड़ा वर्ग के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले महिला एवं पुरुषों को पुरस्कृत किया जाता है, जिससे पिछड़ा वर्ग समाज में समाज सेवा के प्रति उत्साह का सृजन होता है।
सुरेंद्र सांखला ने कहा कि अतः मुख्यमंत्री से आग्रह है कि इस पत्र पर त्वरित कार्रवाई करने की कृपा करें।



