पाठशाला

संविधान दिवस पर राज्यसभा सांसद उमेशनाथ महाराज ने कराया उद्देशिका का वाचन

शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में, संवैधानिक व लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक

उज्जैन। संविधान दिवस पर शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय संत एवं राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज ने विद्यार्थियों और प्राध्यापकों के समक्ष भारतीय संविधान की उद्देशिका को स्पष्ट करते हुए उसका वाचन किया।

उद्बोधन में सांसद उमेशनाथ महाराज ने भारतीय संस्कृति, सांस्कृतिक मूल्यों और संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक व गौरवान्वित रहने का संदेश दिया। उन्होंने भारतीय परंपराओं व संवैधानिक आदर्शों के समन्वय को रेखांकित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आधारशिला, राष्ट्रीय एकता का सूत्र और प्रत्येक नागरिक के कर्तव्यों व उत्तरदायित्वों का मार्गदर्शक भी है।

अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत पुराणिक ने संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में विशेष अतिथि संजीव कुमार पंजाबी तथा प्रशासनिक अधिकारी डॉ. रश्मि भार्गव उपस्थित रहे। अतिथियों का परिचय वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेमसिंह बघेल ने कराया। संचालन राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश परमार ने किया और आभार भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयोजक राजेंद्र सिंह सोलंकी ने माना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्राध्यापक व विद्वान उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button