धर्म-कर्म

शंकराचार्य से आशीर्वाद लेने पहुंचे सीएम डॉ. यादव, श्रृंगेरी मठ के बाद तीनों पीठ के उज्जैन में आश्रम बनेंगे

सीएम बोले- सभी पीठों के लिए उज्जैन में देंगे जगह, शंकराचार्य के आशीर्वाद से होगा दिव्य सिंहस्थ, मठ में हुई प्राण-प्रतिष्ठा

​उज्जैन। महाकाल की नगरी में नवनिर्मित श्री श्रृंगेरी शंकर मठ पहुंचकर गुरुवार को जगद्गुरु शंकराचार्य विधुशेखर भारती से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भेंट कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोनों के बीच बंद कमरे में सिंहस्थ 2028 एवं अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद नवनिर्मित शारदा मां मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए और दक्षिण भारत से आए पंडितों से भेंट कर पूजन पद्धति को जाना।

​शंकराचार्य एवं सीएम के मध्य आगामी सिंहस्थ महापर्व की व्यवस्थाओं और मठ से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। श्रृंगेरी शंकर मठ का निर्माण दक्षिण भारतीय स्थापत्य शैली में किया गया है। उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन के समीप करीब दो एकड़ भूमि पर बने इस मठ को मध्यप्रदेश सरकार ने सालाना एक रुपए की लीज पर आवंटित किया है। गुरुवार को पीठ में शारदा मैया, भगवान चंद्रमोलेश्वर, गणेश जी एवं अन्य प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की गई एवं अभिषेक हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि शारदा पीठ के आश्रम का निर्माण हो चुका है, हमारी मंशा है कि अब तीन और बद्री, पुरी, द्वारका पीठ के स्थायी आश्रम भी उज्जैन में निर्मित हों, जिसमें एक का काम चल रहा है, ताकि शंकराचार्य का आगमन एवं उनसे जुड़ी धार्मिक गतिविधियां लगातार चलती रहें। इस अवसर पर आचार्य शंकर एकता न्यास के डॉ. गोविंद मनसुरे, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, समाजसेवी राजेंद्र शर्मा गुरु, संभागायुक्त सह मेला अधिकारी आशीष सिंह, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता डॉ. गोविंद सोलंकी, समन्वयक डॉ. राहुल कटारिया, समाजसेवी संजय दिवटे, ऋतिक नागर सहित बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद थे।

​मठ का 60 साल पुराना संकल्प पूर्ण

उल्लेखनीय है कि श्रृंगेरी पीठ के पूर्व शंकराचार्य जगद्गुरु भारती तीर्थ का सपना था कि महाकाल की नगरी उज्जैन में भी श्रृंगेरी मठ की शाखा स्थापित हो। करीब आठ साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद यह सपना अब साकार हुआ है। श्रृंगेरी मठ के सीईओ पीए. मुरली ने बताया कि 60 साल पुराना संकल्प अब उज्जैन में श्रृंगेरी पीठ का स्थायी केंद्र बना। इस मठ की स्थापना का विचार वर्ष 1966 से जुड़ा है। श्रृंगेरी पीठ के वर्तमान पीठाधीश्वर जगद्गुरु भारती तीर्थ महास्वामी ने ब्रह्मचर्य काल में उज्जैन में अपने गुरु के सान्निध्य में समय बिताया था। इसी दौरान महाकाल की नगरी में श्रृंगेरी पीठ का केंद्र स्थापित करने की परिकल्पना बनी।

​स्थानीय संत-महंत पहुंचे, किए दर्शन

श्रृंगेरी पीठ के उज्जैन में बने मठ में आज उज्जैन के प्रमुख संत-महंत और महामंडलेश्वर भी पहुंचे एवं नव प्रतिष्ठित मंदिर में दर्शन-वंदन किया। यहां सभी ने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती महाराज से भेंट की एवं सिंहस्थ को दिव्य बनाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Back to top button