संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा से दिया स्वच्छता और जलसंवर्धन का संदेश
संतों ने मां शिप्रा को चुनरी ओढ़ाकर की आरती, गंदे नाले बंद करने और नदी किनारे जलसंवर्धन की उठाई मांग; जीरो वेस्ट इवेंट में दीपदान स्थल की सफाई की

उज्जैन। त्रिशूल शिवगण वाहिनी के तत्वावधान में 21 नवंबर से निकाली जा रही चार दिवसीय संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा का मंगलवार शाम रामघाट पर समापन हुआ। इस अवसर पर संतों ने मां शिप्रा को चुनरी ओढ़ाकर आरती की और स्वच्छता व जलसंवर्धन का संदेश दिया। संतों ने एक स्वर में मांग की कि शिप्रा में गंदे नाले मिलना बंद हों और नदी किनारे जलसंवर्धन के कार्य किए जाएं। समापन पर एक दिया शिप्रा के नाम अभियान के तहत घाटों पर 5100 दीप प्रज्वलित किए गए और जीरो वेस्ट इवेंट के तहत दीपदान स्थल की सफाई भी की गई।
समापन अवसर पर आयोजित धर्म चेतना सभा में साधु-संतों ने संकल्प लिया कि सिंहस्थ 2028 का कुंभ स्नान शिप्रा के ही जल में होगा। संतों ने कहा कि शिप्रा को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त और प्रवाहमान बनाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाए, क्योंकि श्रद्धालु केवल शिप्रा के जल में स्नान करने आएंगे।
धर्म चेतना सभा में महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानंद जी ने कहा कि सिंहस्थ में श्रद्धालु और संत उज्जैन का विकास देखने नहीं, बल्कि शिप्रा में स्नान करने आ रहे हैं, इसलिए नदी का प्रवाहमान होना जरूरी है। महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि संस्था द्वारा उठाया गया यह बीड़ा आगे आने वाली पीढ़ी के लिए संदेश है। तिरुपति आश्रम पीठाधीश्वर राघवेंद्राचार्य जी ने शिप्रा के लिए कठोर कदम उठाने और सनातन को मजबूत करने का आह्वान किया। सभा को श्रीमहंत नीलेश्वर पुरी, महंत ज्ञानेश्वरी पुरी, महंत मनोरमा भारती, पूर्व नगर अध्यक्ष सोनू गेहलोत, मध्यप्रदेश ब्राह्मण समाज अध्यक्ष नर्मदाशंकर भार्गव और हरिनारायण शास्त्री ने भी संबोधित किया।
संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि यात्रा में ऐसे कई प्रबुद्ध और बुजुर्ग लोगों ने भाग लिया, जिन्होंने शिप्रा को कल-कल बहते हुए देखा है, इसलिए नदी की वर्तमान स्थिति को तत्काल सुधारकर सिंहस्थ के लिए तैयार करने की आवश्यकता है। त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक एवं पूर्व अपर कमिश्नर त्रिशूलपाणि आदित्य नागर ने कहा कि शिप्रा को प्रवाहित करने के लिए जलस्तर बढ़ाना होगा और इसके लिए वृहद स्तर पर जल संरचनाएं बनानी होंगी। यदि सड़कों के निर्माण की तरह तालाबों को खोदने के लिए भी किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाए या उन्हें मुआवजा दिया जाए, तो यह किसानों के हित में होगा और नदी भी प्रवाहमान हो सकेगी। उन्होंने बताया कि शिप्रा को प्रवाहमान बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसे एक माह के अंदर प्रसारित किया जाएगा। इस कार्ययोजना को पूरा करने के लिए ज्योतिषपीठ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज 1008 के निर्देशानुसार जनजागरण और मैदानी कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिप्रा मैया पर सारे देश का ध्यान है और इस यात्रा में मध्यप्रदेश के अन्य शहरों के अतिरिक्त अन्य प्रदेशों के श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया।
इससे पूर्व 21 नवंबर को यात्रा के शुभारंभ अवसर पर ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा था कि शिप्रा का जल नहीं तो सिंहस्थ नहीं, सरकार शिप्रा को निर्मल और प्रवाहमान करे अन्यथा संत समाज यह कार्य करेगा। यात्रा के दौरान इससे पहले चंबल और शिप्रा के संगम स्थल सिपावरा पर भी चुनरी ओढ़ाकर मां शिप्रा का पूजन-अर्चन किया गया था।



