पाठशाला

वेदों का संक्षिप्त ज्ञान ही आज प्रयोगशाला में आधुनिक रूप में दिखता है

शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू, चयनित शोध पत्र आईएसएसएन जर्नल में होंगे प्रकाशित

उज्जैन. शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ आइक्यूएसी द्वारा उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के सौजन्य से शुक्रवार, 27 नवंबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन फ्रॉम वैदिक रूट्स टू लैब बूट्स, वैदिक जड़ों से प्रयोगशाला तक का शुभारंभ किया गया। नैक द्वारा ए प्लस-प्लस ग्रेड प्राप्त महाविद्यालय में यह सम्मेलन हाइब्रिड मोड में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन के मुख्य संरक्षक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संरक्षक उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य एवं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. हरीश व्यास ने अतिथियों का स्वागत कर स्मृतिचिह्न भेंट किए। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. व्यास ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपराओं और वैदिक मान्यताओं को आधुनिक विज्ञान में प्रयोगशाला के माध्यम से ही स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में चयनित शोध पत्र आईएसएसएन जर्नल 3139-5244 में प्रकाशित किए जाएंगे। कॉन्फ्रेंस के विषय की रूपरेखा एवं स्वागत भाषण आइक्यूएसी समन्वयक डॉ. शुचिता चांदोरकर ने प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी भोपाल के संचालक अशोक कड़ेल ने वक्तव्य में कहा कि अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध आयामों को स्पर्श करता है। भारतीय ज्ञान परंपरा सिखाती है कि ज्ञान अनंत और सीमाहीन है और वेदों का संक्षिप्त ज्ञान ही आज प्रयोगशाला में आधुनिक रूप में दिखाई देता है। दूसरे मुख्य अतिथि उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रविंद्र सोलंकी ने कहा कि उज्जैन विश्व की अमूल्य धरोहर और अमृत नगरी है। यहां भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं आकर सांदीपनि से 64 कलाएं सीखी थीं। सनातन धर्म विज्ञान पर ही आधारित है तथा वेद और उपनिषदों में पीपल एवं तुलसी पूजन जैसी परंपराएं प्रयोगशाला में जीवनदायिनी सिद्ध हो चुकी हैं।

सारस्वत अतिथि सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से पुष्टि करते हुए कहा कि वेदों का समय आज से लगभग 5000 वर्ष पूर्व का है और प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा का इतिहास वेदों में ही छिपा है। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन रसायन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दीपेंद्र रघुवंशी ने किया।

Related Articles

Back to top button