पाठशाला

श्रृंगेरी शंकराचार्य ने किया ‘भारतीय विद्याओं की उपादेयता’ ग्रंथ का विमोचन

नृसिंहघाट स्थित श्री ललिता त्रिपुरसुंदरी शक्तिपीठ में न्यायदर्शन पर हुई वाक्यार्थ सभा

उज्जैन। दक्षिणाम्नाय श्री शारदा पीठ, श्रृंगेरी के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती ने शासकीय संस्कृत महाविद्यालय, उज्जैन द्वारा प्रकाशित ग्रंथ ‘भारतीय विद्याओं की उपादेयता’ का विमोचन किया। कार्यक्रम नृसिंहघाट स्थित श्री ललिता त्रिपुरसुंदरी शक्तिपीठ में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर शंकराचार्य ने आशीर्वचन देते हुए धर्म-मार्ग की सरल और सहज व्याख्या की। उन्होंने कल्पना और सत्य के स्वरूप को परिभाषित किया। साथ ही प्रमाणों की परिधि पर चर्चा करते हुए शब्द प्रमाण के रूप में स्वीकृत वेद-शास्त्र की महत्ता बताई।

शंकराचार्य के सान्निध्य में न्यायशास्त्रवेत्ता आचार्य डॉ. संदीप शर्मा ‘गुरुजी’ के विद्यार्थियों ने न्यायदर्शन पर केंद्रित वाक्यार्थ सभा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का प्रास्ताविक वेदमूर्ति घनपाठी आचार्य उमेश शर्मा ‘गुरुजी’ ने रखा और उनके विद्यार्थियों ने सस्वर विकृति पाठ किया।

विमोचित ग्रंथ का संपादन संस्कृत महाविद्यालय के आचार्य डॉ. सदानंद त्रिपाठी एवं डॉ. श्रेयस श्रीधर कोरान्ने ने किया है। इसमें देश और प्रदेश के अध्येताओं के चयनित शोध आलेख संकलित हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा शर्मा सहित महाविद्यालय परिवार ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर शंकराचार्य का स्वागत-अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य डॉ. गोपालकृष्ण शुक्ल ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button