धर्म-कर्म

आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

मायापति हनुमान मंदिर प्रांगण में हुई श्रद्धांजलि सभा, बीकानेर के श्री पंच मंदिर राजमठ में दी गई समाधि

उज्जैन। श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर और निर्वाण पीठाधीश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने पर मायापति हनुमान मंदिर प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित जनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा नमन किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष रवि राय, हरि सिंह यादव, पंडित नितिन शर्मा, श्याम जायसवाल, महेश तिलक और गणेश पप्पू पुजारी ने स्वामी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वामी विशोकानंद भारती महाराज का नवंबर 2026 में दिल्ली में हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। दिल्ली में निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर बीकानेर ले जाया गया, जहां 29 नवंबर 2026 को श्री पंच मंदिर राजमठ में उन्हें समाधि दी गई। उनके ब्रह्मलीन होने पर महानिर्वाणी अखाड़े में 16 दिन और जूना अखाड़े में तीन दिन का शोक घोषित किया गया।

वैदिक सनातन धर्म और गुरुकुल परंपरा के पुनरुद्धार में रहा योगदान

स्वामी विशोकानंद भारती महाराज को 24 मार्च 2014 को काशी में महानिर्वाणी अखाड़े का आचार्य महामंडलेश्वर नियुक्त किया गया था। वे गोविंद मठ, काशी की आचार्य परंपरा के संत तथा बीकानेर के राजगुरु भी रहे। उन्होंने वैदिक सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, गुरुकुल परंपरा के पुनरुद्धार और देशभर में गुरुकुल व आश्रमों के संचालन में भूमिका निभाई। वे कुंभ, सिंहस्थ और अन्य धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रूप से शामिल होते रहे।

Related Articles

Back to top button