जिला स्तरीय युवा उत्सव में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय का परचम, 22 विधाओं में मारी बाजी
अध्ययनशाला के विद्यार्थियों ने जीते 14 प्रथम, 6 द्वितीय और 2 तृतीय पुरस्कार; प्रथम विजेता संभाग स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व
उज्जैन। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय अंतर-महाविद्यालयीन युवा उत्सव में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की अध्ययनशालाओं के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। संगीत, नृत्य, नाट्य, ललित कला और साहित्यिक विधाओं की कुल 22 श्रेणियों में विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने 14 प्रथम, 6 द्वितीय और 2 तृतीय स्थान अपने नाम किए हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागी अब आगामी संभाग स्तरीय युवा उत्सव में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संगीत, नृत्य और नाट्य विधा में रहा दबदबा
संगीत, नृत्य एवं नाट्य विधाओं की टीम स्पर्धाओं में स्कीट (लघुनाटिका), फॉक आर्केस्ट्रा, पश्चिमी समूह गायन, क्रिएटिव कोरियोग्राफी, समूह नृत्य और समूह गान भारतीय में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। व्यक्तिगत श्रेणियों में पश्चिमी वाद्य में समर्थ खरे, पश्चिमी एकल गायन में आहना चक्रवर्ती और शास्त्रीय एकल नृत्य में गार्गी आचार्य ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त वादन (परकशन) में जयदीप मिश्रा, एकल शास्त्रीय गायन में पृथ्वीराज गौतम तथा माइम की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
साहित्यिक और ललित कला में भी दिखाया कौशल
साहित्यिक श्रेणी के अंतर्गत वाद-विवाद (अंग्रेजी-विपक्ष) में गुरप्रीत कौर, वाग्मिता (हिंदी) में आदित्य प्रताप सिंह तथा प्रश्न मंच (क्विज) की टीम ने प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं वाद-विवाद (अंग्रेजी-पक्ष) में विवेक वर्मा और वाग्मिता (अंग्रेजी) में कल्याणी खैरवा द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि वाद-विवाद (हिंदी-पक्ष) में धैर्या उपाध्याय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ललित कला (फाइन आर्ट्स) विधा में कार्टूनिंग के अंतर्गत प्रज्ञा सोनी और क्ले मॉडलिंग में प्रतिभागी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कोलॉज में द्वितीय और रंगोली में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
इस सफलता पर कुलगुरु ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के युवा अकादमिक क्षेत्र के साथ कला, संस्कृति और साहित्य के मंच पर भी अपनी श्रेष्ठता सिद्ध कर रहे हैं और आगामी संभाग, राज्य, जोनल एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। कुलसचिव ने सभी विजेता विद्यार्थियों की टीम को बधाई देते हुए कहा कि 14 प्रथम पुरस्कारों सहित कुल 22 विधाओं में जीत दर्ज करना विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को हर संभव संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।



