बाल विवाह के खिलाफ शहर से गांव तक अभियान, मानव श्रृंखला बनाकर ली शपथ
अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर टावर चौक से दशहरा मैदान तक निकली रैली, जिले की ग्राम पंचायतों और स्कूलों में भी हुए जागरूकता कार्यक्रम

उज्जैन। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से बाल विवाह उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उज्जैन जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला मुख्यालय पर टावर चौक से दशहरा मैदान तक जागरूकता रैली निकाली गई, जहां प्रतिभागियों ने मानव श्रृंखला बनाकर बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प लिया।
मुख्य कार्यक्रम के तहत टावर चौक से निकली रैली को वार्ड क्रमांक 44 की पार्षद श्रीमती नीलम कालरा और पार्षद श्रीमती अंजलि पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में नारों और संदेशों के माध्यम से आम नागरिकों को बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। दशहरा मैदान पहुंचने पर सभी ने बाल विवाह न करने, न करवाने और अपने आसपास होने वाले बाल विवाह की सूचना प्रशासन व संबंधित विभाग को देने की सामूहिक शपथ ली। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश त्रिपाठी, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अमित शर्मा, सहायक संचालक श्रीमती प्रीति कटारा, परियोजना अधिकारी सुश्री प्रियंका जायसवाल, श्रीमती अर्चना दलाल, वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती वीना बोरासी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों तक संदेश पहुंचाने के लिए जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इनमें पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों, रोकथाम के उपायों और समुदाय की भूमिका पर चर्चा की। ग्रामीणों को बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है, जिसके उन्मूलन के लिए परिवार, समाज और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं।
शिक्षा विभाग के समन्वय से जिले के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में भी बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को कम उम्र में विवाह के सामाजिक, शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इससे विशेष रूप से बालिकाओं के स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और भविष्य के अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई और उन्हें अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के समुदाय को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिलेवासियों से अपील की गई कि वे बाल विवाह रोकने के लिए आगे आएं और कहीं भी बाल विवाह होने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि प्रत्येक बेटी को शिक्षा, सुरक्षा व सम्मान तथा हर बच्चे को सुरक्षित बचपन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिल सकें।


