जिले के सभी थानों पर दिव्यांगों की सहायता के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग
दिव्यांग युवक ने एसपी को सौंपा आवेदन, सिंहस्थ से पहले व्यवस्था लागू करने का आग्रह
उज्जैन. शहर और जिले के सभी पुलिस थानों पर दिव्यांगजनों की सहायता के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में आगर रोड स्थित 560, विनायक ग्रीन सिटी, मेडिकल कॉलेज सुरासा निवासी दिव्यांग रोहित बैरागी पिता हरिश बैरागी ने शुक्रवार, 27 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन सौंपा।
आवेदन में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 की धारा 23 उपधारा एक के तहत प्रत्येक थाने पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने का आग्रह किया गया है। रोहित बैरागी ने बताया कि उज्जैन देव नगरी है, जहां विश्वविख्यात ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर, पवित्र क्षिप्रा नदी और अनेक धार्मिक स्थल हैं। यहां हर 12 वर्ष में सिंहस्थ महापर्व आयोजित होता है, जिसमें देश-विदेश और भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन तीर्थ यात्रा पर आते हैं।
बाहर से आने वाले और जिले में निवासरत दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिले के प्रत्येक थाने पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने इस गंभीर विषय पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए सिंहस्थ से पूर्व दिव्यांगजनों को यह सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।



