श्री विश्वनाथ नीलकंठ धाम आश्रम में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न
शंख, डमरू और 101 बटुकों के स्वस्तिवाचन से हुआ अतिथियों का स्वागत, वर्षभर चलेंगी मानव सेवा की गतिविधियां

उज्जैन | मंगलनाथ मार्ग स्थित ग्राम कमेड़ के श्री विश्वनाथ नीलकंठ धाम आश्रम मानव सेवा संस्था में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न हुआ। महोत्सव के तहत 25 नवंबर को विधि-विधान से नीलकंठेश्वर महादेव और उनके परिवार की प्राण प्रतिष्ठा की गई।
समापन अवसर पर शंख, डमरू की गूंज और 101 बटुकों के स्वस्तिवाचन के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य पूजन डॉ. महेंद्र पंड्या एवं आचार्य पं. अखिलेश शर्मा ने संपन्न कराया। कार्यक्रम में राम मंदिर के महामंडलेश्वर कल्याण दास महाराज, ज्योतिषाचार्य डॉ. आचार्य अमित तिवारी, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सनवर पटेल, जीवाजीगंज मंडल अध्यक्ष कुलदीप मालवीय और लक्की बना मित्र मंडली के सदस्य शामिल हुए।
आश्रम संचालक एवं आयोजक विजय गुरु ने बताया कि सोमवार से शुरू हुए इस महोत्सव के पहले दिन राज्यसभा सांसद एवं वाल्मीकि धाम के पीठाधीश्वर बालयोगी उमेशनाथ महाराज शामिल हुए थे और 51 बटुकों ने स्वस्तिवाचन किया था। उन्होंने बताया कि आश्रम का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा है और यहां वर्षभर धार्मिक व सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।



