राजनीति

कांग्रेस की महिला नेता के साथ अभद्रता से आक्रोश

डॉ. रवि राय ने लगाए प्रदेश सरकार पर तानाशाही के आरोप

उज्जैन नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने की कार्रवाई की निंदा, कहा- पूरे प्रदेश में गरीब वेंडरों के रोजगार उजाड़कर बेघर किया जा रहा

उज्जैन। इंदौर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी हटाने की कार्रवाई के दौरान वहां की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और पार्षद राजू भदौरिया के साथ पुलिस द्वारा की गई धक्का-मुक्की पर उज्जैन नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष डॉ. रवि राय ने कड़ा विरोध जताया है। डॉ. रवि राय ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तानाशाही और गरीब वेंडरों के व्यापार-व्यवसाय उजाड़ने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

डॉ. रवि राय ने आरोप लगाया कि इंदौर में विपक्ष की महिला नेता को पुलिस ने धक्का-मुक्की कर उठाकर पटक दिया, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण मध्यप्रदेश में गरीबों, श्रमिकों और सड़क पर कामकाज करने वाले वेंडरों पर अत्याचार हो रहा है। चाहे उज्जैन की बात हो, भोपाल की या इंदौर की, चारों तरफ लोगों के व्यापार-व्यवसाय उखाड़कर उन्हें बेरोजगार और बेघर किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में गृह मंत्री होने के बावजूद पुलिस की गुंडागर्दी जारी है। वर्तमान शासन में न तो आम नागरिक को नागरिक समझा जा रहा है और न ही विपक्ष के नेताओं की कोई सुनवाई हो रही है।

गौरतलब है कि बुधवार सुबह इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र स्थित फूटी कोठी चौराहे पर फ्लाईओवर के नीचे सब्जी मंडी हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस की टीम पहुंची थी। विक्रेताओं के समर्थन में पहुंचीं इंदौर नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने आरोप लगाया था कि टीम ने कार्रवाई के कोई लिखित आदेश नहीं दिखाए तथा कार्रवाई के दौरान महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की गई और पुरुषों को घसीटा गया। विरोध बढ़ने पर पुलिस ने सोनिला मिमरोट और पार्षद राजू भदौरिया सहित अन्य लोगों को हिरासत में लेकर द्वारकापुरी थाने पहुंचाया था।

Related Articles

Back to top button