तारामंडल में जाना अंतरिक्ष विज्ञान, सर्प शोध संस्थान में समझी जैव विविधता
निर्मला महाविद्यालय एवं निर्मला शिक्षा महाविद्यालय का संयुक्त आयोजन, विद्यार्थियों को दी व्यावहारिक जानकारी

उज्जैन। निर्मला महाविद्यालय एवं निर्मला शिक्षा महाविद्यालय के विज्ञान क्लब, एनएसएस और पर्यावरण संधारणीय क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। विज्ञान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने उज्जैन स्थित तारामंडल एवं सर्प शोध संस्थान का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने तारामंडल में खगोलीय गतिविधियों और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। वहीं, सर्प शोध संस्थान में सर्पों की विभिन्न प्रजातियों, उनकी विशेषताओं, पर्यावरण में उनकी उपयोगिता तथा सर्प संरक्षण के महत्व को समझा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को खगोलीय विज्ञान, वैज्ञानिक तकनीक, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
इस अवसर पर मेजर डॉ. चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ प्रकृति, वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता उत्पन्न करते हैं। कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना ही ऐसी गतिविधियों का प्रमुख उद्देश्य है। महाविद्यालय प्रबंधन ने भी ऐसी ज्ञानवर्धक एवं अनुभवात्मक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस संयुक्त गतिविधि में विज्ञान एवं पर्यावरण क्लब के प्रभारी डॉ. नितिन जोहरी, डॉ. विश्वास तिवारी, मेजर डॉ. चंद्रशेखर शर्मा, डॉ. हेमलता व्यास, डॉ. अल्पना भार्गव, अंजली बी. रोज, मेघना नाहर एवं गायत्री भेसानिया सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।



