धर्म-कर्म
श्रावण मास में गूंजेंगे गजानन महाराज के भजन, कालिदास संकुल में सांगीतिक पारायण आज
मराठी साहित्य अकादमी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में नागपुर के कलाकार देंगे प्रस्तुति, गजानन विजय ग्रंथ पर आधारित होंगे भजन

उज्जैन। पवित्र श्रावण मास के उपलक्ष्य में स्थानीय कालिदास संकुल में रविवार शाम 5.30 बजे गजानन महाराज के भजनों का संतवाणी कार्यक्रम ‘सांगीतिक पारायण’ आयोजित किया जा रहा है। मराठी साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा आयोजित यह भव्य कार्यक्रम शहरवासियों के लिए पूरी तरह से निःशुल्क रहेगा।
कार्यक्रम में नागपुर के कलाकार विनोद वखरे और उनका समूह अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे। आयोजन में प्रस्तुत किए जाने वाले सभी भजन गजानन महाराज के ‘गजानन विजय’ ग्रंथ पर आधारित होंगे। स्थानीय मराठी मैत्री समूह ने धर्मप्रेमियों और श्रोताओं से इस आयोजन में शामिल होकर सुमधुर भजनों का आनंद लेने की अपील की है।
इस विशेष सांगीतिक आयोजन में मराठी साहित्य अकादमी के निदेशक संतोष गोडबोले, कालिदास अकादमी के निदेशक गोविंद गंधे और श्रीपाद जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।



