श्री कृष्ण-सुदामा की मित्रता स्थली नारायणा धाम में सूर्यदेव को अर्घ्य देकर किया नववर्ष का स्वागत
प्रातः 5 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक व पूजन, 'नारायणा धाम लोक' निर्माण की प्रतिबद्धता पर मुख्यमंत्री का जताया आभार

उज्जैन। विश्व विख्यात श्री कृष्ण-सुदामा धाम नारायणा में विक्रम संवत 2083 का हिंदू नववर्ष पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। प्रातः 5 बजे से ही भगवान श्री कृष्ण और सुदामा जी का जलाभिषेक व पूजन शुरू हो गया था। पुजारी प्रेम नारायण शर्मा, मनीष शर्मा, जितेंद्र शर्मा, आत्माराम शर्मा और राधेश्याम शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद मुख्य लाभार्थी विजय सिंह गौतम के साथ सभी धर्मालुजनो द्वारा ध्वजारोहण किया गया। प्रातः 6:38 बजे सूर्य की पहली किरण के साथ ढोल-बाजों और मंत्रोच्चार के बीच भगवान सूर्यनारायण को अर्घ्य देकर जलाभिषेक किया गया।
श्री कृष्ण-सुदामा मंदिर समिति के केसर सिंह पटेल और डॉ. मोहन शर्मा ने बताया कि सनातन परंपरा के अनुसार नववर्ष का स्वागत किया गया। मान्यता है कि शिक्षा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा जी गुरु सांदीपनि एवं गुरु माता की आज्ञा से लकड़ी बीनने उज्जैन (अवन्तिका पुरी) स्थित सांदीपनि आश्रम से यहां आए थे और रात्रि विश्राम किया था। काल गणना की दृष्टि से भी उनके यहां आने का उल्लेख मिलता है। चैत्र नवरात्रि व गुड़ी पड़वा के अवसर पर भगवान के अभिषेक के साथ ही मंदिर में गुड़ी बांधी गई।
नववर्ष पर मंदिर में ध्वजारोहण कर आरती की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान से देश में सुख-शांति, समृद्धि और खेत-खलिहानों के हमेशा हरे-भरे रहने की कामना की। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य सरकार द्वारा ‘नारायणा धाम लोक’ के निर्माण की प्रतिबद्धता को लेकर श्री कृष्ण सुदामा उत्सव समिति परिवार कि और से केशर सिंह पटेल द्वारा आभार व्यक्त किया गया। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को मिश्री, नीम और धनिये का पारंपरिक प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर ध्वजारोहण के लाभार्थी श्री विजय सिंह गौतम श्री कृष्ण-सुदामा उत्सव समिति के केसर सिंह पटेल, डॉ. मोहन शर्मा, अशोक आंजना, विक्रम सिंह आंजना, सेवाराम आंजना, संजय पटेल, डॉ. अजय बिहारिया, विक्रम शर्मा बलौदा, निक्की राठौड़, दक्ष, जीवन सिंह धाराखेड़ा, विक्रम सिंह बिनपुरा, केसर सिंह बोरखेड़ा, कैलाश सेन, पंडित जगदीश शर्मा, सरपंच भगवान सिंह गोयल, गोपीलाल आंजना, शिवनारायण सोनी, किशोर पांचाल और अरुण मकवाना सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में समिति सदस्यों ने सभी प्रदेश व देशवासियों को नववर्ष की बधाई देते हुए भारत में अमन-चैन बने रहने की प्रार्थना की।



