श्री छत्रेश्वरी चामुंडा माता मंदिर में 19 से मनाया जाएगा चैत्र नवरात्रि महोत्सव
घट स्थापना व सूर्य अर्घ्य के साथ होगी शुरुआत, 27 मार्च को मध्यरात्रि हवन से समापन

उज्जैन। शहर के मध्य स्थित प्रसिद्ध श्री छत्रेश्वरी चामुंडा माता मंदिर में गुरुवार 19 मार्च से शुक्रवार 27 मार्च तक चैत्र नवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन की जानकारी देते हुए पंडित सुनील चौबे और वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र शाह ने बताया कि 19 मार्च को प्रातः 7:30 बजे घट स्थापना की जाएगी। इसी दिन सूर्य को अर्घ्य देकर हिंदू नववर्ष भी मनाया जाएगा। 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर अर्धरात्रि 12 बजे हवन के साथ नौ दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
एक साथ होते हैं नौ देवियों के दर्शन
मंदिर में माता की मूर्ति पूर्व दिशा की ओर मुख करके विराजित है। मंदिर के परिक्रमा पथ पर नवदुर्गा की मूर्तियां भी स्थापित हैं, जिससे श्रद्धालुओं को चामुंडा माता के साथ नौ देवियों के दर्शन का लाभ प्राप्त होता है। इसके साथ ही परिसर में हनुमान जी, भैरव जी और शिवजी के दर्शन भी होते हैं। नवरात्रि के दौरान यहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं।
40 वर्षों से नित्य हवन व 800 लोगों को प्रतिदिन भोजन
पंडित शरद चौबे के मार्गदर्शन में मंदिर में पिछले 40 वर्षों से नित्य हवन और दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जा रहा है। यहाँ प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे और शाम 7:30 बजे भव्य आरती कर प्रसादी का वितरण किया जाता है। मंदिर में भक्त समिति के माध्यम से वर्ष 2016 से भोजन वितरण का सेवा कार्य निरंतर जारी है। इसके अंतर्गत प्रतिदिन 700 से 800 जरूरतमंद और गरीब जनों को भोजन कराया जाता है।



