21 मार्च को भव्य चल समारोह के साथ मनेगी भगवान मिनेष जयंती
आगर रोड बापू नगर से निकलेगी शोभायात्रा, विष्णु वाटिका में होंगे सामाजिक उत्थान पर विचार-विमर्श

उज्जैन। आगामी 21 मार्च को मीणा समाज के आराध्य भगवान श्री मिनेष की जयंती धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। मध्य प्रदेश मीणा समाज सेवा संगठन की उज्जैन जिला इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव को लेकर शहर सहित जिले भर के समाजजनों में भारी उत्साह है।
संगठन के जिलाध्यक्ष योगेश मीणा और मीडिया प्रभारी अजय बारवाल ने बताया कि 21 मार्च की सुबह 9 बजे आगर रोड स्थित बापू नगर से ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी के साथ भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में समाज के पुरुष और महिलाएं विभिन्न वाहनों पर सवार होकर शामिल होंगे। शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ यह चल समारोह सुबह 11 बजे अंकपात मार्ग स्थित काजीपुरा पहुंचेगा। मीणा बहुल क्षेत्र होने के कारण यहां चल समारोह का जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसके पश्चात चल समारोह पीपलीनाका स्थित विष्णु वाटिका गार्डन पहुंचेगा। यहां भगवान मिनेष की पूजा-अर्चना व आरती के बाद सामाजिक उत्थान पर विचार-विमर्श किया जाएगा और भोजन प्रसादी का आयोजन होगा।
आयोजन को सफल बनाने की अपील जिलाध्यक्ष योगेश मीणा, महिला संगठन अध्यक्ष सुविधा प्रहलाद पटेल, अजय बारवाल, युवा प्रदेश महामंत्री सतीश चांदा, महेंद्र मीणा दादू, युवा जिलाध्यक्ष आशुतोष मीणा, उज्जैन दक्षिण अध्यक्ष सतीश खोड़ा, मधुरम मीणा, राजेश मीणा घुसिंगा, उपाध्यक्ष मुकेश मीणा, बालमुकुंद मीणा, युवा प्रदेश मंत्री दिनेश मीणा, कमलेश मीणा, दीपक मीणा, संतोष मीणा, शक्ति मीणा, घट्टिया अध्यक्ष गणेश मीणा, रंजीत मीणा, राकेश मीणा, उपाध्यक्ष संजय मीणा, नागदा-खाचरौद अध्यक्ष आयुष मीणा, महिदपुर अध्यक्ष विनोद मीणा, एडवोकेट अभिषेक चांदा और कोषाध्यक्ष पंकज चांदा सहित अन्य पदाधिकारियों ने की है। उन्होंने सभी स्वजातीय बंधुओं से सपरिवार अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का अनुरोध किया है।



