Uncategorized

बाबा हरदेव सिंह जी की स्मृति में 13 मई को मनेगा ‘समर्पण दिवस’

समालखा में होगा मुख्य आयोजन, वेबसाइट पर लाइव प्रसारण देखेंगे उज्जैन के श्रद्धालु

उज्जैन। मानवता, प्रेम और आध्यात्मिक जागृति के प्रतीक रहे युगदृष्टा बाबा हरदेव सिंह जी की पावन स्मृति में 13 मई बुधवार को ‘समर्पण दिवस’ मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन हरियाणा के समालखा स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता जी के सान्निध्य में होगा। इसमें देश-विदेश से आए श्रद्धालु श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।

उज्जैन मुखी त्रिलोक बेलानी और मीडिया सहायक विनोद गज्जर ने बताया कि इस विशाल संत समागम का सीधा प्रसारण निरंकारी मिशन की अधिकृत वेबसाइट पर किया जाएगा। इसका लाभ उज्जैन सहित विश्वभर के श्रद्धालु घर बैठे ले सकेंगे। कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालु सतगुरु माता जी के आशीर्वचन श्रवण करेंगे।

36 वर्षों तक किया नेतृत्व, 67 देशों में पहुंचाया मिशन

बाबा हरदेव सिंह जी ने करीब 36 वर्षों तक संत निरंकारी मिशन का नेतृत्व करते हुए इसे 67 से अधिक देशों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने “एकत्व में सद्भाव” और “दीवार रहित संसार” का संदेश देकर संपूर्ण मानवता को एकता के सूत्र में बांधने का प्रयास किया। उनके नेतृत्व में मिशन ने रक्तदान, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य सेवा और महिला सशक्तिकरण जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव किए।

वर्तमान में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रेम, सेवा और विश्व बंधुत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचा रही हैं। समर्पण दिवस उस जीवन-दर्शन को आत्मसात करने का अवसर है, जो मानवता को सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

Related Articles

Back to top button