खेल

राज्य स्तरीय शूटिंग बॉल टूर्नामेंट में विदिशा के जितेंद्र बघेल ने मारी बाजी, पिपलिया हामा उपविजेता

विजेता को 11 हजार व उपविजेता को 5 हजार रुपए का पुरस्कार- दूधिया रोशनी में हुए रोमांचक मुकाबले

उज्जैन। उज्जयिनी स्पोर्ट्स क्लब द्वारा शास्त्री नगर खेल मैदान पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय शूटिंग बॉल टूर्नामेंट रविवार रात सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस रोमांचक खेल महाकुंभ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विदिशा के जितेंद्र बघेल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब पर कब्जा जमाया, वहीं पिपलिया हामा के सिकंदर की टीम द्वितीय स्थान पर रहकर उपविजेता बनी।
स्पर्धा संयोजक अधिवक्ता ललित सिंह चौहान ने बताया कि यह भव्य खेल आयोजन स्व. लक्ष्मणदास विशनवानी एवं स्व. ममता श्रीकांत वर्मा की स्मृति में किया गया। रविवार शाम से रात तक दूधिया रोशनी में खेले गए इन मुकाबलों में मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों की टीमों ने अपना शानदार दमखम दिखाया और दर्शकों ने बेहतरीन खेल का आनंद लिया।
विजेताओं पर हुई नकद पुरस्कारों की बारिश
आयोजन समिति के सौरभ श्रीकांत वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें विजेता टीम को 11 हजार रुपए नकद व चमचमाती ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 5 हजार रुपए व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में बेस्ट शूटर, बेस्ट नेटर और बेस्ट डिफेंसर के विशेष आकर्षक इनाम भी प्रदान किए गए।
समारोह में यह रहे उपस्थित
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य रूप से अध्यक्ष ओम सारवान, चंद्रभान सिंह चंदेल, श्रीकांत वर्मा, प्रदीप जायसवाल, अधिवक्ता सौरभ वर्मा, निमेश उदैनिया, राजेश पाटीदार, अभिषेक शर्मा, गौरव वाधवानी, शिवम् खुल्लर और मोनू दिखीत सहित उज्जयिनी स्पोर्ट्स के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जिनकी स्मृति में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया उनके परिजन भी मौजूद रहे तथा सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। आभार श्रीकांत वर्मा ने माना। अतिथियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button