धर्म-कर्म

सूर्य की प्रथम किरण को अर्घ्य देकर होगा भारतीय नववर्ष का स्वागत

अनुष्ठान मंडपम ज्योतिष अकादमी और नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति का आयोजन, महाकाल के शिखर पर लगेगा ध्वज

उज्जैन। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत भारतीय नववर्ष का पारंपरिक रूप से अभिनंदन किया जाएगा। अनुष्ठान मंडपम ज्योतिष अकादमी एवं नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति द्वारा गुरुवार, 19 मार्च को प्रातः 5 बजे दत्त अखाड़ा स्थित क्षिप्रा तट पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा।
वैदिक मंत्रोच्चार और पंचामृत से होगा क्षिप्रा पूजन
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से होगा, जिसके बाद वैदिक विद्वानों द्वारा मंगलाचरण किया जाएगा। साधु-संतों के सानिध्य में मां क्षिप्रा का पंचामृत पूजन कर सौभाग्य सामग्री अर्पित की जाएगी। प्रातः 6.32 बजे सूर्य की प्रथम किरण को अर्घ्य दिया जाएगा और आदित्य हृदय स्तोत्र के पाठ के साथ भगवान सूर्य की विशेष पूजा-अर्चना होगी।
पूजन के बाद महाकाल शिखर पर फहराया जाएगा ध्वज
इस पावन अवसर पर महिलाओं द्वारा गुड़ी एवं ध्वज का पूजन किया जाएगा। पूजन के पश्चात यही ध्वज भगवान महाकाल के शिखर पर लगाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन संतों के आशीर्वचन और नीम-मिश्री के प्रसाद वितरण के साथ होगा।
समिति के पं. चंदन श्यामनारायण व्यास, पं. नारायण उपाध्याय और पं. वासुदेव पुरोहित ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे भारतीय वेशभूषा में उपस्थित होकर इस आयोजन में सम्मिलित हों और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अपना योगदान दें।

Related Articles

Back to top button