प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
छात्राओं ने नृत्य नाटिका, छात्रों ने प्रस्तुत की गीत नाटिका

पहली कक्षा के बच्चे और खुशी ने मलखंभ का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया
उज्जैन। शालिग्राम तोमर उमावि दौलतगंज में प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं को समारोहपूर्वक पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेमचंद सृजन पीठ के निदेशक मुकेश जोशी, विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद डॉ संदीप नाडकर्णी थे। अध्यक्षता प्राचार्य राजेंद्र पुरोहित ने की। समारोह में छात्राओं ने नृत्य नाटिका एवं छात्रों द्वारा शुभम सत्यप्रेमी के निर्देशन में गीत नाटिका प्रस्तुत की गई। पहली कक्षा के एक बच्चे और खुशी ने मलखंभ का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। प्राचार्य श्री पुरोहित ने अपने अभिनव विद्यालय जो जिले ही नहीं संभाग में अनूठा है के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल में 100 कंप्यूटरों की लैब है जहां अध्ययन के साथ ही डिजिटल मूल्यांकन भी किया जाता है। स्कूल की आईसीटी लैब में मिडिल के विद्यार्थियों को नियमित कंप्यूटर ट्रेनिंग दी जाती है। बजाय ब्लैकबोर्ड चॉक के पीपीटी माध्यम से स्मार्ट क्लासेस में अध्ययन अध्यापन करवाया जाता है। स्कूल में वॉलीबॉल के इंटरनेशनल स्तर के सुसज्जित ग्राउंड के साथ ही जिला योग केंद्र स्थापित है जिसमें नियमित योगाभ्यास करवाया जाता है। हायर सेकंडरी में एआई कृत्रिम बुद्धिमत्ता की नियमित कक्षाएं लगती हैं विद्यार्थी न सिर्फ एक्टिव मॉडल बनाकर नित नए प्रयोग करते रहते हैं। प्राचार्य एवं स्टाफ ने अतिथियों को सभी प्रयोगशालाओं का अवलोकन करवाते हुए बताया कि स्कूल का अपना एएफए रेडियो स्टेशन है जो विद्यार्थियों द्वारा संचालित है स्कूल की हस्तलिखित पत्रिका विद्यार्थियों द्वारा तैयार की जाती है। हर कक्षा में आरओ का पानी उपलब्ध है। स्कूल की समृद्ध लाइब्रेरी के साथ ई लाइब्रेरी भी है जिसमें 4500 किताबें डाउनलोड हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ नाडकर्णी ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास में प्राचार्य, स्टाफ और विद्यार्थियों के अभिनव प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए सभी के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की। मुख्य अतिथि श्री जोशी जो 50 साल पहले इसी विद्यालय के छात्र रहे, ने अपने तत्कालीन गुरुजनों खासकर हिंदी के श्री सुखदेवप्रसाद ठाकुर एवं आरसी उपाध्याय का स्मरण करते हुए बताया कि उनके द्वारा भी पढ़ाई गई हिन्दी ने ही इस योग्य बनाया कि चार अक्षर लिख पढ़ सकें।
अतिथियों द्वारा खेलो एमपी में मलखंभ प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल विजेता खुशी जायसवाल, लाठी प्रतियोगिता में सिल्वर जीतने वाली लक्ष्मी प्रजापत, कालिदास समारोह में 5000/ से पुरस्कृत राहिन खान तथा शासन से लैपटॉप एवं स्कूटी प्राप्त करने वाले सहित सभी प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ मनीषा राठौड़ एवं साक्षी भवालकर ने और कृतज्ञता ज्ञापन अनीता सोलंकी ने किया। इस अवसर पर स्वीटी शर्मा, ममता शर्मा, हेमा चंदन, पल्लवी मैवाल, सीमा ओरा सहित बाकी स्टाफ और सैकड़ों विद्यार्थी अनुशासित रूप से उपस्थित रहे।



