निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान अंतर्गत 14 स्थानों पर शिविर संपन्न
आज महिदपुर के झुठावद एवं दानीगेट स्थित अनंत पेठ पर शिविर आयोजित

राज्यसभा सांसद, विधायक, पूर्व महापौर एवं फार्मेसी कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष हुए सम्मिलित
रविवार को टी चोईथराम अस्पताल, इंदौर एवं अमलतास अस्पताल, देवास के विशेषज्ञों ने दिया परामर्श
उज्जैन। पूर्णिमा श्री सेवा संगठन द्वारा जिला प्रशासन के विशेष सहयोग से आयोजित निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान के अंतर्गत 14 स्थानों पर शिविर संपन्न हुए। रविवार को पिपलीनाका स्थित मारवाड़ी माली समाज धर्मशाला एवं रविशंकर नगर स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक में शिविर आयोजित किये गये। इसी श्रृंखला में आज सोमवार को महिदपुर तहसील के ग्राम झुठावद एवं उज्जैन शहर के दानीगेट स्थित अनंतपेठ में शिविर आयोजित होंगे।
अभियान के मुख्य संयोजक एवं पूर्व भाजपा जिला महामंत्री सत्यनारायण खोईवाल ने विस्तार से बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के उपलब्धियों भरे ऐतिहासिक दो वर्षों के उपलक्ष्य में निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान ‘दिल से कहो अपने मोहनजी है न’ संपूर्ण उज्जैन जिले में संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को पीपलीनाका स्थित उर्दूपुरा में मारवाड़ी माली समाज धर्मशाला में चोईथराम हाॅस्पिटल,इंदौर के सहयोग से शिविर आयोजित किया गया। एवं शहर के वार्ड क्रमांक 29 स्थित रविशंकर नगर में संजीवनी क्लिनिक पर अमलतास सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल देवास के सहयोग से शिविर आयोजित किया गया। शिविर में दोनों ही अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञों द्वारा जांच, परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। शिविरों में जनता जनार्दन ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान के अंतर्गत रविवार को शिविर में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, पूर्व महापौर मीना विजय जोनवाल, फार्मेसी कौंसिल पूर्व अध्यक्ष ओम जैन, पार्षद गब्बर भाटी, हेमंत गेहलोत भूरू, पार्षद रामेश्वर दुबे रम्मू भैया सहित मारवाड़ी माली समाज के पदाधिकारीगण सम्मिलित हुए।
14 स्थानों पर हजारों ने कराई जांच, लिया लाभ…………
खोईवाल ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री डाॅ. यादव की प्रेरणा से प्रारंभ हुए इस अभियान में अब तक संपूर्ण जिले में 14 स्थानों पर शिविर आयोजित किये गये हैं जिसमें हजारों नागरिकों ने सहभागिता कर हृदय रोग विशेषज्ञों से जांच परामर्श एवं उपचार का लाभ लिया। इसी कड़ी में आज सोमवार 9 फरवरी, सोमवार को जिले की महिदपुर तहसील अंतर्गत ग्राम झूठावद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शिविर आयोजित होगा वहीं दूसरी ओर उज्जैन शहर के वार्ड क्रमांक 12 दानीगेट स्थित अनंतपेठ में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक पर शिविर का आयोजन किया जाएगा।
लाभ लेने की अपील….
जिलाधीश रोशनकुमार सिंह, सीएमएचओ श्री अशोक कुमार पटेल, पूर्णिमाश्री सेवा संगठन के अध्यक्ष विक्रमसिंह गोंदिया, सर्वश्री धर्मेन्द्रसिंह भदौरिया, प्रकाश गोमे, दीपक अग्रवाल, कन्हैयालाल चैहान, विजय द्विवेदी, बाबूलाल पंवार सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों ने शिविर में पधारकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील शहरवासियों से की है।



