पाठशाला

कोडिंग में कमाल : उत्कृष्ट विद्यालय के दो छात्रों को मुख्यमंत्री ने लैपटॉप देकर किया सम्मानित

प्रोजेक्ट ’स्वाध्याय’ के तहत कोड योगी में पूरे किए 50 से अधिक स्टेज; कालिदास अकादमी में हुआ सम्मान

उज्जैन। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधव नगर के विद्यार्थियों ने तकनीक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ’प्रोजेक्ट स्वाध्याय’ के अंतर्गत संचालित ’कोड योगी’ प्रोग्राम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर विद्यालय के दो छात्रों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सम्मानित किया गया।
कालिदास अकादमी में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यालय के छात्र अवधेश शर्मा और अश्वनी ठाकुर को लैपटॉप प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इन दोनों विद्यार्थियों ने कोड योगी के तहत कंप्यूटर कोडिंग में कठिन माने जाने वाले 50 से अधिक स्टेज (चरण) सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। शासन ने उनकी इस उपलब्धि को देखते हुए उन्हें लैपटॉप पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए।
स्कूल का नाम किया रोशन
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य डॉ. विभा शर्मा ने बताया कि बच्चे अब पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ तकनीकी कौशल में भी निपुण हो रहे हैं। इस उपलब्धि में स्कूल के स्वाध्याय प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी श्री गौतम दीक्षित का विशेष मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य और नोडल अधिकारी भी छात्रों के साथ उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने दोनों होनहार छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Back to top button