बाबा महाकाल पर फिल्माया एल्बम लॉन्च, उज्जैन के बाल कलाकारों ने बिखेरा अभिनय का जादू
महाशिवरात्रि से पहले गूंजे महाकाल के जयकारे, उज्जैन की प्रतिभाओं को मिला मंच

उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व के ठीक पहले बाबा महाकाल की नगरी में भक्तिमय माहौल के बीच एक विशेष संगीतमय एल्बम लॉन्च किया गया। मुंबई की मोरया म्यूजिक एंड एंटरटेनमेंट कंपनी द्वारा तैयार किए गए इस एल्बम में भगवान महाकालेश्वर पर फिल्माए गए गीतों की प्रस्तुति है। गुरुवार (12 फरवरी) को प्रेस क्लब भवन (तरणताल) में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने इसका विमोचन किया।
निर्देशक चंदू यादव ने बताया कि इस एल्बम की विशेष बात यह है कि इसमें उज्जैन की स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच दिया गया है। शहर के दो बाल कलाकार स्वास्तिक यादव और आराध्या राठौर ने इसमें अपने अभिनय की छाप छोड़ी है। लॉन्चिंग के मौके पर गीत के मुख्य कलाकार रंजीत जोग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जैसे ही यह भक्ति गीत बजाया गया, उपस्थित लोगों ने ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारे लगाकर इसकी सराहना की।
एल्बम की लॉन्चिंग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री के अग्रज और मध्य प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष नारायण यादव उपस्थित थे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी उज्जैन के अध्यक्ष मुकेश भाटी शामिल हुए। इस अवसर पर एल्बम के निर्माता अभिषेक मॉडलिंग, सह-निर्माता समीर शेख, निर्देशक विशाल मोरे, कैमरामैन आशुतोष यादव और पार्थ सातपुते मौजूद रहे। इसके अलावा लक्ष्मीनारायण उपाध्याय और विजयसिंह यादव सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन चंदू यादव ने किया और अंत में आभार श्याम जाटिया ने माना।



