धर्म-कर्म

हाटकेश्वर धाम में गूंजेंगे कविता पौडवाल और अर्जुन पांडे के सुर, पारद शिवलिंग को लगेगा 56 भोग

15 फरवरी को हाटकेश्वर मंदिर में सजेगी भजन संध्या, होगा महाअभिषेक

​उज्जैन। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सिंहस्थ बायपास रोड स्थित श्री हाटकेश्वर पारद महादेव मंदिर में भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मंदिर में पांच दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के मुख्य दिन, रविवार 15 फरवरी 2026 को प्रसिद्ध पार्श्व गायिका कविता पौडवाल और सुप्रसिद्ध भजन गायक अर्जुन पांडे अपनी सुमधुर वाणी से बाबा भोलेनाथ के भजनों की प्रस्तुति देंगे।
​सुबह से शुरू होगा भजनों और प्रसादी का दौर
आयोजन को लेकर मंदिर समिति ने भव्य तैयारियां की हैं। मुख्य कार्यक्रम रविवार सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 4:00 बजे तक चलेगा। इस दौरान महाअभिषेक, महाआरती और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए फलाहारी और भोजन महाप्रसादी की व्यवस्था सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक रहेगी।
​निःशुल्क रुद्राक्ष वितरण और विशेष अनुष्ठान
मंदिर के पुजारी पं. कवींद्र भारद्वाज ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत सुबह 9 बजे से ही हो जाएगी, जिसमें संगीतमय हवनात्मक और अभिषेकात्मक लघु रुद्र शामिल हैं। श्रद्धालुओं को सिद्ध रुद्राक्ष मालाओं का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।
​रत्नों से होगा बाबा का दिव्य श्रृंगार
हाटकेश्वर विहार कॉलोनी स्थित इस मंदिर में पारद सिद्ध शिवलिंग का महाशिवरात्रि पर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। भगवान को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। अभिषेक के बाद भांग, मक्खन-मिश्री, सूखे मेवे, मृग चर्म और विभिन्न रत्नों व दिव्य आभूषणों से बाबा का श्रृंगार होगा। शाम 7:15 बजे विशेष संध्या आरती होगी। समाजसेवी महेश परियानी, दिलीप परियानी और अमित कावड़िया के संयोजन में हो रहे इस महोत्सव के लिए मंदिर परिसर, यज्ञशाला और पूरे मार्ग को तोरण द्वार, ध्वज और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों से सपरिवार पधारकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button